विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवरिया के खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्कर ने फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस 

By Sk SinghEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 03 Oct 2026 12:09 PM (IST)

देवरिया के खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार बृजपाल ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार बृजपाल ने की आत्महत्या।

  2. देवरिया के खुखुंदू थाने की हवालात में हुई घटना।

  3. पुलिस ने एक क्विंटल गांजे के साथ पकड़ा था।

जागरण संवाददाता, देवरिया। खुखुंदू थाने की हवालात में शनिवार की सुबह उस समय खलबली मच गई, जब गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार 38 वर्षीय बृजपाल का शव खिड़की से पजामे के सहारे लगाए गए फंदे से लटका मिला। एक दिन पहले ही पुलिस ने एसओजी की मदद से उसे ट्रक में एक क्विंटल गांजा ले जाते हुए पकड़ा था। शनिवार को उसे जेल भेजने की तैयारी थी। इससे पहले ही उसने हवालात में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी थाने पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

अमरोहा का रहने वाला बृजपाल शुक्रवार को खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी में पकड़ा गया था। पुलिस के अनुसार, वह ट्रक में छिपाकर गांजा ले जा रहा था। तलाशी के दौरान ट्रक से करीब एक क्विंटल गांजा बरामद हुआ। इसके बाद उसे थाने लाकर पूछताछ की गई और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब सात बजे हवालात में बृजपाल ने पजामे के सहारे खिड़की में फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी तो वह मृत अवस्था में था। इसकी जानकारी प्रभारी निरीक्षक को दी गई। देखते ही देखते थाने में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना पर एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह और सीओ सलेमपुर गौरव कुमार सिंह खुखुंदू थाने पहुंचे। अधिकारियों ने हवालात का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिसकर्मियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- देवरिया में घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, दो-तीन घंटे बाद तलाश में गड्ढे में दिखाई दिया पैर

एडिशनल एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अमरोहा निवासी बृजपाल को एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार कर थाने की हवालात में रखा गया था। उसने फंदा लगाकर जान दी है। घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- देवरिया कलेक्ट्रेट में पूर्व सैनिक ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने पेट्रोल भरा गैलन छीनकर बचाया