बच्चे को दूध पिला रही थी पत्नी, तभी पति ने साथियों के साथ मिलकर किया 3 साल के बेटे का अपहरण
झाँसी में पति से अनबन के चलते पत्नी मायके में रह रही थी। जब वह अपने बेटे को दूध पिला रही थी तभी पति साथियों संग आया और बच्चे का अपहरण कर भाग गया। शोर सुनकर लोगों ने पीछा किया और दो आरोपियों को पकड़ लिया पर पति बच्चे को लेकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।

जारगण संवाददाता, झाँसी । पति से अनबन होने पर पत्नी अपने 3 वर्ष के बेटे के साथ मायके में रह रही थी। महिला अपने बेटे को दूध पिला रही थी, तभी पति अपने साथियों के साथ आया और बेटे का अपहरण कर भाग निकला। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गये।
परिजनों व पड़ोसियों ने आरोपियों का पीछा किया। लोगों ने 2 आरोपियों को तो पकड़ लिया, लेकिन महिला का पति बच्चे को लेकर भागने में सफल हो गया। दिन-दहाड़े अपहरण की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। पुलिस ने पकड़े गये दोनों आरोपियों समेत महिला के पति पर मुकदमा दर्ज कर जाँच-पड़ताल शुरू कर दी।
मऊरानीपुर के गोपालगंज निवासी वर्षा जोशी पुत्री कमलेश जोशी ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2018 में करनैल कॉलनि गोराया, जालन्धर (पंजाब) निवासी रमन शर्मा पुत्र विजय शर्मा के साथ हुयी थी। उसके 3 वर्ष का एक बेटा है। पति से अनबन के बाद वह कुछ दिनों से बच्चे को लेकर मायके गोपालगंज (मऊरानीपुर) आ गयी थी।
महिला ने बताया कि 18 सितम्बर को अपराह्न लगभग 12.30 बजे वह अपने बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी उसका पति रमन शर्मा मोटरसाइकिल से अपने साथी चकारा (मऊरानीपुर) निवासी जितेन्द्र सिंह के साथ आया और उसकी गोद से जबरदस्ती बच्चे को छीनकर भागने लगा।
उसने विरोध किया तो दोनों ने उसके तथा उसकी बहन के साथ गाली-गलौज कर कर मारपीट कर दी। जान से मारने की धमकी देते हुये बच्चे को छीनकर भाग गये। घटना के दौरान जितेन्द्र शर्मा घर के बाहर खड़ा रहा। परिजनों ने पीछा कर महिला के पति के दोनों साथियों को तो पकड़ लिया, लेकिन बच्चा लेकर पति भागने में सफल हो गया। परिजन दोनों आरोपियों जितेन्द्र शर्मा व जितेन्द्र सिंह को पकड़कर थाने ले आये। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
पहले की रेकी, फिर दिया घटना को अंजाम
वर्षा के अनुसार चकारा निवासी जितेन्द्र शर्मा ने अपनी मोटरसाइकिल को उसके पति रमन तथा उसके साथी जितेन्द्र सिंह को दी। 17 सितम्बर को भी जितेन्द्र शर्मा उसके घर पर आया था। पहले जितेन्द्र शर्मा ने घर की रेकी की। इसके बाद तीनों ने मिलकर बच्चे के अपहरण की साजिश रची और आज घटना को अंजाम दिया।
इन्होंने कहा
महिला ने पति व उसके दो साथियों पर पुत्र के अपहरण का आरोप लगाया है। पिता पर पुत्र का अपहरण, उनके दोनों सहयोगियों को षड्यन्त्र रचने, घटना में सहयोग करने का आरोपी माना गया है। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला के पति व बच्चे का पता लगाया जा रहा है। पकड़े गये दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। - विद्या सागर सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (मऊरानीपुर)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।