Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'मम्मी... ये लोग मेरे साथ मारपीट कर रहे', ससुराल से बेटी ने मां को किया फोन; शाम तक आई खबर तो मच गया कोहराम

    झांसी के नौगांव में गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका साहू की संदिग्ध मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने न्याय की मांग की है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

    By Raju Sardar Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Wed, 02 Jul 2025 08:32 PM (IST)
    Hero Image
    संदिग्ध परिस्थितियों में 7 माह की गर्भवती महिला की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

    जागरण संवाददाता, झांसी। नौगांव शहर के कैफेट एरिया में रहने वाली 7 माह की गर्भवती नवविवाहिता प्रियंका साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने इस मामले में ससुराल पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने और फिर फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए जांच शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हत्या या आत्महत्या

    इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छतरपुर जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत थरा गांव निवासी कल्लू साहू की पुत्री मृतका प्रियंका साहू (उम्र लगभग 25 वर्ष) का विवाह तीन साल पूर्व नौगांव निवासी पुष्पेंद्र साहू से हुआ था।

    शादी के बाद दम्पति की एक दो वर्ष की पुत्री भी है और वर्तमान में प्रियंका सात माह की गर्भवती थी। मृतका की मां मानबाई साहू, पिता कल्लू साहू और भाई कृष्ण साहू ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे प्रियंका ने अपनी मां को फोन कर बताया कि मम्मी, ये लोग मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं।

    इतने में ही प्रियंका के पति पुष्पेंद्र ने कथित रूप से फोन छीन लिया और बात बंद कर दी। इसके बाद परिजनों का प्रियंका से संपर्क नहीं हो सका। उसी दिन देर शाम पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि प्रियंका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

    सूचना मिलते ही परिजन तुरंत नौगांव अस्पताल पहुंचे, जहां प्रियंका मृत अवस्था में मिली। प्रियंका के शरीर को देखने पर परिजनों ने दावा किया कि उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे शक गहराता गया।

    पुलिस जांच में जुटी, सभी पहलुओं की हो रही पड़ताल

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल मर्ग कायम किया गया है।

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या फिर सुनियोजित हत्या। प्रियंका की मौत ने क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल पैदा कर दिया है। परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही की जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए।