Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Stork Bird: पक्षी प्रेमियों के लिए खुशखबरी, इस बार दोगुने से अधिक हुआ यूपी के राजकीय पक्षी सारस का कुनबा

    Updated: Mon, 24 Jun 2024 02:14 PM (IST)

    प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव लखनऊ के आदेश पर जनपद में दो दिन 20 व 21 जून को ग्रीष्म कालीन सारस गणना करायी गयी थी। पहले दिन 20 जून को करायी गयी गणना में ललितपुर रेंज के गोविन्दसागर बांध में 18 व ग्राम रजवारा के तालाब में 2 सारस पाये गये थे। वहीं तालबेहट रेंज के मानसरोवर तालाब में 4 व उडवां तालाब में 2 सारस पायी गयी थी...

    Hero Image
    इस बार दोगुने से अधिक पहुंचा सारस का कुनबा

    ललितपुर ब्यूरो। जनपद के पक्षी प्रेमियों के लिये अच्छी खबर है। इस वार बीते वर्ष 2023 की ग्रीष्मकालीन सारस गणना की तुलना राजकीय पक्षी सारस का कुनबा दोगुने से अधिक पर पहुंच गया। बीते साल जहां मात्र 26 सारस पायी गयी थी, तो इस बार 57 मिली। यह पक्षी ललितपुर और तालबेहट रेंज में ही पाये गये।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    डीएफओ गौतम सिंह के आदेश पर दो दिन करायी गयी सारस गणना में इस बात का खुलासा हुआ। यह बात भी चिंताजनक है कि जनपद में मात्र ललितपुर और तालबेहट रेंज में ही सारस मिले।

    दो दिन कराई गई थी ग्रीष्मकालीन सारस गणना

    गौरतलब है कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव लखनऊ के आदेश पर जनपद में दो दिन 20 व 21 जून को ग्रीष्म कालीन सारस गणना करायी गयी थी। पहले दिन 20 जून को करायी गयी गणना में ललितपुर रेंज के गोविन्दसागर बांध में 18 व ग्राम रजवारा के तालाब में 2 सारस पाये गये थे । वहीं तालबेहट रेंज के मानसरोवर तालाब में 4 व उडवां तालाब में 2 सारस पायीं गयीं थीं। इस प्रकार पहले दिन जनपद में 26 सारस पायी गयी थी।

    दूसरे दिन की गणना में ललितपुर रेंज के गोविन्द सागर बांध में 20 व तालबेहट के मानसरोवर तालाब में 11 सारस पायी गयी थी। इस प्रकार दूसरे दिन 31 सारस मिली। कुल मिलाकर 2 दिन की सारस गणना में जनपद में कुल 57 सारस पायी गयी। इसे विडम्बना नही, तो और क्या कहेंगे कि मात्र ललितपुर व तालबेहट रेंज में ही सारस पाये गये, अन्य किसी भी रेंज में सारस नहीं मिले।

    2023 में 26 व 27 जून को हुई थी सारस की गणना

    वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में 26 व 27 जून को ग्रीष्मकालीन सारस गणना करायी गयी थी। इस गणना के अनुसार ललितपुर रेंज के गोविन्द सागर बांध में 16 वयस्क व 2 बच्चे कुल 18 सारस पाये गये थे, जबकि तालबेहट के मानसरोवर तालाब में 6 वयस्क और उड़वां तालाब में दो वयस्क सारस पाये गये थे।

    इस प्रकार बीते साल की ग्रीष्मकालीन सारस गणना में कुल 26 सारस पाये गये थे, जबकि इस बार की गणना में मात्र इन दोनों ही रेंजों के उक्त स्थानों पर कुल 57 सारस पायी गयी, जो दोगुने से भी अधिक है।

    शीतकालीन गणना में मिले थे 32 सारस

     वर्ष 2023 में शीतकालीन सारस गणना 14 और 15 दिसम्बर को करायी गयी थी। जिसमें ललितपुर रेंज के गोविन्द सागर बांध में 14, रजवारा के तालाब में 2 हंसदेव तालाब पनारी में 4, महरौनी रेंज के गुंदरापुर तालाब में 2, तालबेहट रेंज के मानसरोवर तालाब में 8 व उड़वां तालाब में 2 सारस पाये गये थे। इस प्रकार शीतकालीन सारस गणना में जनपद में 32 सारस मिले थे।

    इनका ये है कहना

    ललितपुर डीएफओ गौतम सिंह के अनुसार, जनपद में इस बार सारस का कुनबा दोगुने से भी अधिक बढ़ा है। वर्ष 2023 की ग्रीष्मकालीन सारस गणना में जहां 26 सारस पाये गये थे, वहीं इस बार 57 सारस पाये गये। ये सारस ललितपुर और तालबेहट रेंज में ही मिले। इन स्थानों पर सारस संरक्षण के प्रयास किये जायेंगे। वहीं अन्य रेंजों के जलाशयों पर भी सारस को आकर्षित करने के लिये वातावरण तैयार किया जायेगा।  

    यह भी पढ़ें- Jhansi Bride Murder: शादी से पहले तैयार होने ब्‍यूटी पार्लर गई थी दुल्‍हन, स‍िरफ‍िरे ने गोली मारकर की हत्‍या