विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jaunpur MLC Election Result LIVE : जौनपुर में भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू 2357 मतों से विजयी

By Abhishek SharmaEdited By:
Published: Tue, 12 Apr 2022 09:06 AM (IST)Updated: Tue, 12 Apr 2022 04:19 PM (IST)

UP MLC Election Result LIVE जौनपुर में सुबह आठ बजते ही चुनाव परिणाम के लिए टेबलों पर मत पेटियां सज ...और पढ़ें

MLC Election Result LIVE : जौनपुर में सुबह से ही एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है।
MLC Election Result LIVE : जौनपुर में सुबह से ही एमएलसी चुनाव की मतगणना जारी है।

जौनपुर, जागरण संवाददाता। विधान परिषद सदस्य के चुनाव में पड़े मतों की गणना मंगलवार की सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। मतगणना विकास भवन के नीचे हाल में शुरू हुई तो उम्‍मीदवारों की धड़कनें बढ़ गईं। जिला निर्वाचन की तरफ से पांच टेबल लगाए गए थे। प्रत्येक पर चार-चार मतगणना कर्मी गिनती कर रहे थे। पहले मत पत्रों की गड्डी बनाई गई। जिले में मुख्‍य रूप से मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच ही था। लेकिन निर्दल उम्‍मीदवार को भी कोई कमतर नहीं आंक रहा था। मगर आखिरकार परिणाम आया तो भाजपा के उम्‍मीदवार बृजेश सिंह प्रिंसू जीत हासिल करने में सफल रहे। 

गणना पूरी, 2357 मतों से भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू विजयी : एमएलसी चुनाव के मतों की गणना दो घंटे में ही यानी दस बजे पूरी हो गई। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू 2357 मतों से विजयी हुए। हालांकि अभी ज़िला निर्वाचन अधिकारी की तरफ़ से अंतिम घोषणा नहीं की गई है। इस दौरान पड़े कुल 3961 मतों में भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू को 3129 मत, सपा प्रत्याशी डाक्टर मनोज यादव को 772 व निर्दल प्रत्याशी भानू प्रसाद को 11 मत मिले। 51 मत अवैध घोषित किए गए हैं।

धनंजय के करीबी हैं भाजपा के विजयी एमएलसी प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू : भारतीय जनता पार्टी के जौनपुर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से विजयी प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू पूर्व सांसद धनंजय सिंह के करीबी हैं। 48 वर्षीय बृजेश सिंह प्रिंसू वर्ष 2016 में इसी सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में निर्वाचित होकर विधान परिषद पहुंचे थे। वह पिछले वर्ष बसपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। बृजेश सिंह प्रिंसू को राजनीति विरासत में मिली है। उनके दादा स्व. रामलखन सिंह वर्ष 1957 में तत्कालीन रारी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। पिता सुरेंद्र प्रताप सिंह और एमएलसी निर्वाचित होने से पूर्व प्रिंसू विकास खंड करंजाकला के क्षेत्र प्रमुख रह चुके हैं।

प्रथम चरण की गिनती पूरी : एमएलसी के लिए पड़े वोटों की प्रथम चरण में दो टेबल की गिनती पूरी हो गई। इस दौरान दो टेबल की गिनती में 1590 वोट गिने गए, जिसमें भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू 1273, सपा प्रत्याशी मनोज यादव को 288 वोट, निर्दल भानू को चार मत मिले। 26 मत अवैध घोषित किए गए।

एमएलसी चुनाव के लिए मतदान नौ अप्रैल को 22 मतदान केंद्रों पर हुआ था। सुबह आठ से सायं चार बजे तक हुए मतदान के बाद पीठासीन अधिकारी मतपेटिकाओं को लेकर स्ट्रांग रूम में पहुंचे। यहां पर इनको सुरक्षित तरीके से रखा गया था। इसमें 4030 जनप्रतिनिधि मतदाताओं को हिस्सा लेना था। इसमे 98.28 फीसद मत के हिसाब से 3961 वोट पड़े थे।

मैदान में सपा के प्रत्याशी के तौर पर डाक्टर मनोज यादव, भाजपा प्रत्याशी बृजेश सिंह प्रिंसू व निर्दल प्रत्याशी भानू प्रकाश थे। मतगणना के लिए पांच टेबल लगाए गए थे। प्रत्येक प्रत्याशी के एक एजेंट एक टेबल पर मौजूद रहे। इसके साथ ही मतगणना पर्यवेक्षक, एक माइक्रो आब्जर्वर, एक मतगणना सहायक प्रथम और एक मतगणना सहायक द्वितीय तैनात रहे। गणना चुनाव के प्रेक्षक सैंथिल पांडियन की देखरेख में संपन्‍न हुई। 

जीत के लिए कुल कितने वोटों की आवश्यकता : इसमें जीत के लिए प्रत्याशी को कुल पड़े वैध मत का 50 फीसद से अधिक वोट पाना अनिवार्य है। ऐसा न होने पर द्वितीय वरीयता वाले मतों की गिनती की जाती है।

यह भी पढ़ें : Jaunpur MLC Election Result 2022 : पिछले वर्ष बसपा से भाजपा में शामिल हुए बृजेश सिंह प्रिंसू ने हासिल की एकतरफा जीत

यह भी पढ़ें : Poorvanchal MLC Election Result LIVE : वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और आजमगढ़ में मतगणना जारी, दोपहर तक आएगा परिणाम