कोहरे की तनी चादर, यातायात सेवाएं बाधित
जागरण संवाददाता जौनपुर मौसम में आए बदलाव से स्थिति खराब हो रही है। शुक्रवार को कड़ाक

जागरण संवाददाता, जौनपुर: मौसम में आए बदलाव से स्थिति खराब हो रही है। शुक्रवार को कड़ाके की ठंड के बीच कोहरे की चादर भी तनी रही। गुरुवार की रात से शुरू हुआ कोहरे का प्रकोप सुबह नौ बजे तक बरकरार रहा। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। सर्द हवाओं के कारण लोग ठिठुरने को मजबूर रहे। तापमान के उतार-चढ़ाव से फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।
ठंड के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में दुकानों के आगे लोग अलाव जलाकर हाथ सेंकते रहे। लगातार गिर रहे पारे के बाद भी प्रशासन की ओर से अलाव नहीं जलवाया जा रहा है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और चल रही सर्द हवाओं से मैदानी इलाकों में आ रही बर्फीली हवाएं सभी को कंपा रही हैं। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह जरूरी काम से निकले लोग गर्म कपड़े पहनने के बाद भी कांपते नजर आए। सबसे अधिक परेशानी किसानों को खेतीबारी व पशुओं की रखवाली करने में हो रही है। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है। साथ ही कोहरे में वृद्धि के आसार हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ में संविलीन होकर उत्तरोत्तर पूर्वी अग्रसरण के साथ 31 दिसंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश से निकलकर बिहार के ऊपर संकेंद्रित हो गया। इससे आगामी चार-पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसी अनुक्रम में पिछले 24 घंटों के दौरान शुक्रवार की सुबह जौनपुर का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस से अधिक की प्रभावशाली गिरावट के साथ 9.6 डिग्री सेल्सिय हो गया। इस दौरान दिन भर सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत के आस पास रही। इसी के साथ निचले क्षोभमंडल में हवा की गति कम होने तथा स्थिरता बढ़ने के कारण रात्रि/प्रात: कालीन दृश्यता में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। आगामी दो-तीन दिनों के दौरान मध्यम से घना कोहरा पड़ने की संभावना है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।