जौनपुर में 28.47 किमी सड़कों का होगा चौड़ीकरण, 49.38 करोड़ रुपये मंजूर; आसान होगा मुसाफिरों का सफर
जौनपुर में 28.47 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए ₹49.38 करोड़ की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिली है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
28.47 किमी सड़कों के चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण को ₹49.38 करोड़ स्वीकृत।
परियोजनाओं से आवागमन होगा सुगम, क्षेत्र का विकास होगा।
12 माह में पूरा करने का लक्ष्य, 5 वर्ष अनुरक्षण।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जनपद के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। दोनों परियोजनाओं के तहत कुल 28.47 किलोमीटर सड़क का विकास कराया जाएगा।
इन पर 49 करोड़ 38 लाख 24 हजार रुपये खर्च होंगे। शासन ने निर्माण शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में 9 करोड़ 87 लाख 64 हजार रुपये भी स्वीकृत कर दिए हैं। दोनों परियोजनाओं को 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
क्षेत्र के विकास को भी मिलेगी गति
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने इन परियोजनाओं को जनपद की जनता को समर्पित विकास कार्य बताया। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बेहतर सड़कें मिलने से लोगों का आवागमन आसान होगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
पहली परियोजना के तहत सलोनी-महमापुर-कोठवार-जंगीपुर-इटौरी-संदहा मार्ग का 15 किलोमीटर हिस्सा चौड़ा और सुदृढ़ किया जाएगा। इस कार्य के लिए 24 करोड़ 66 लाख 51 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके सापेक्ष पहली किस्त के रूप में चार करोड़ 93 लाख 30 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
सड़क के अनुरक्षण की व्यवस्था
निर्माण के साथ ही पांच वर्ष तक सड़क के अनुरक्षण की व्यवस्था भी की गई है। दूसरी परियोजना में लुंबिनी-दुद्धी राज्य मार्ग (135ए) के किलोमीटर 225 से लपरी-अतरौरा-खजुरा-बैरयाकाजी-मीरापुर होते हुए मुबारकपुर मार्ग के 13.470 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा।
इस परियोजना की कुल लागत 24 करोड़ 71 लाख 73 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए पहली किस्त में चार करोड़ 94 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस मार्ग के निर्माण के बाद पांच वर्ष तक अनुरक्षण भी कराया जाएगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि दोनों सड़कों के बेहतर होने से ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और राहगीरों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें- हाइब्रिड सब्जी और फूलों की खेती से मालामाल हुए जौनपुर के किसान, तैयार होने से पहले ही बिक जाती है फसल
यह भी पढ़ें- न घोड़ी, न लग्जरी कार... जौनपुर में आसमान से बरात लेकर उतरा दूल्हा, विदाई के बाद हेलीकॉप्टर से ले गया दुल्हनिया
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।