विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाइब्रिड सब्जी और फूलों की खेती से मालामाल हुए जौनपुर के किसान, तैयार होने से पहले ही बिक जाती है फसल

Published: Tue, 24 Nov 2026 03:32 PM (GMT+05:30)

जौनपुर के गैरीखुर्द गांव निवासी ज्ञानप्रकाश जैविक तरीके से हाइब्रिड सब्जी और फूलों की नर्सरी तैयार कर अच्छी कमाई कर रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. ज्ञानप्रकाश जैविक हाइब्रिड सब्जी और फूलों की खेती करते हैं।

  2. राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने उनके प्रयासों को सम्मानित किया।

  3. तैयार होने से पहले ही उनकी फसल बिक जाती है।

जागरण संवाददाता, नौपेड़वा (जौनपुर)। कुछ करने का जज्बा हो तो निश्चित ही सफलता मिलती है। हम बात कर रहे हैं बक्शा के गैरीखुर्द गांव निवासी ज्ञानप्रकाश की। यह वर्षों से जैविक खेती कर हाइब्रिड सब्जी की नई-नई नर्सरी तैयार कर अच्छी कमाई कर रहे हैं।

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से सम्मानित ज्ञान प्रकाश कानपुर से विज्ञान वर्ग में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर गांव लौटे तो घर की माली हालत कुछ ठीक नही थी। वैसे पेड़ पौधों से लगाव इन्हें बचपन से ही था। लेकिन इसमें कोई आमदनी का रास्ता नजर नही आ रहा था।

इसी बीच इनकी मुलाकात बक्शा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से हुई। वैज्ञानिकों की सलाह पर वह सब्जियों की खेती करना शुरू कर दिए। इस दौरान देश के तमाम कृषि विश्वविद्यालयो में जाने व कुछ सीखने का मौका मिला।

कई जिलों में बेचकर कमाते हैं मुनाफा

तैयार सब्जी की नर्सरी को घर से ही बेचना शुरू किया। जल्द ही नतीजा भी सामने आया रुपये के साथ प्रसिद्धि भी मिलनी शुरू हो गयी। अभी बड़े पैमाने पर शिमला मिर्च का पौधा तैयार कर जनपद के अलावा बलिया, वाराणसी आदि के प्रगतिशील किसानों को बेचकर बढ़िया मुनाफा कमाया।

फूल की खेती की शुरुआत

उन्होंने बताया कि हाइब्रिड शिमला मिर्च का पौधा करीब 20 से 22 दिन में तैयार हो जाता है तथा 60 से 65 दिन में मिर्च की प्रथम तोड़ाई शुरू हो जाती है। इसके अलावा वह अन्य पौधों की भी नर्सरी डालते हैं। अभी इन्होंने गेंदा व गुलदाउरी फूल की भी खेती शुरू किया है।

वह कहते हैं कि एक एकड़ की गेंदा की खेती में करीब तीन हजार पौधों को तैयार कर अनुमानित लाभ करीब 10 गुना से भी ज्यादा आता है। उन्होंने बताया कि आज हमें मार्केटिंग में कोई समस्या नहीं आती पौध तैयार होने से पहले ग्राहक तैयार रहते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।