विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न घोड़ी, न लग्जरी कार... जौनपुर में आसमान से बरात लेकर उतरा दूल्हा, विदाई के बाद हेलीकॉप्टर से ले गया दुल्हनिया

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:39 PM (IST)

जौनपुर में एक अनोखी शादी हुई जहां दूल्हा घोड़ी या कार के बजाय हेलीकॉप्टर से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन उसी हेलीकॉप्टर से विदा हुए।

महराजगंज के पूरा सुजान राय में हेलीकॉप्टर से पहुंचा दूल्हा। फोटो जागरण

महराजगंज के पूरा सुजान राय में हेलीकॉप्टर से पहुंचा दूल्हा। फोटो जागरण

HighLights

  1. दूल्हा हेलीकॉप्टर से बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा।

  2. शादी के बाद दुल्हन को हेलीकॉप्टर से विदा किया गया।

  3. अनोखी शादी देखने उमड़ी ग्रामीणों की भारी भीड़।

जागरण संवाददाता, महराजगंज (जौनपुर)। शादी को यादगार बनाने के लिए लोग तरह-तरह के इंतजाम करते हैं, लेकिन क्षेत्र के एक गांव में हुई अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दूल्हा न तो घोड़ी पर सवार होकर बरात लेकर पहुंचा और न ही चारपहिया वाहन से, बल्कि आसमान से हेलीकॉप्टर लेकर दुल्हन के घर पहुंचा।

शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन को साथ लेकर उसी हेलीकॉप्टर से विदा हो गया। इस नजारे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।

जानकारी के अनुसार, पूरा सुजानराय उमरी गांव निवासी इदरीश शेख की पुत्री नाजिया शेख का विवाह रविवार को कुशहा खमपुर निवासी रियाज हुसैन के पुत्र अफजल हुसैन के साथ तय था। दूल्हा-दुल्हन के घरों के बीच की दूरी महज 15 किलोमीटर है।

इसके बावजूद दूल्हे ने अपनी शादी को खास बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से बरात लेकर पहुंचने का इंतजाम किया था। दुल्हन के घर के बगल में ही हेलीपैड तैयार कराया गया था और हेलीकॉप्टर के उतरने से लेकर विदाई तक की सभी तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई थीं।

रविवार दोपहर जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, उसे देखने के लिए महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की भीड़ जुट गई। आसमान में हेलीकॉप्टर की आवाज सुनते ही आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। दूल्हे के हेलीकॉप्टर से पहुंचने का नजारा ग्रामीणों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा।

धूमधाम से शादी की रस्में पूरी होने के बाद दूल्हा अफजल हुसैन अपनी दुल्हन नाजिया शेख को लेकर हेलीकॉप्टर से रवाना हो गया। हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही ग्रामीण उसे देखते रह गए। अनोखे अंदाज में हुई इस शादी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

यह भी पढ़ें- ज्वाइनिंग लेटर लेकर सीआईएसएफ में नौकरी करने पहुंचा युवक, मेडिकल होते ही खिसक गई पैरों तले जमीन

यह भी पढ़ें- महंगी दवाओं के खेल पर बड़ा प्रहार! निजी अस्पतालों को बनानी होगी पब्लिक वेबसाइट, अब छिपा नहीं सकेंगे असली दाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।