ज्वाइनिंग लेटर लेकर सीआईएसएफ में नौकरी करने पहुंचा युवक, मेडिकल होते ही खिसक गई पैरों तले जमीन
बिजनौर में एक दंपती ने युवक को सीआईएसएफ में नौकरी दिलाने के नाम पर 12.75 लाख रुपये ठगे।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
दंपती ने सीआईएसएफ नौकरी का झांसा देकर ठगे 12.75 लाख।
फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर युवक को पश्चिम बंगाल भेजा गया।
मेडिकल में कलर ब्लाइंड बताकर नौकरी से निकाला गया।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। एक दंपती ने एक युवक की नौकरी लगाने के नाम पर 12.75 लाख रुपये ऐंठ लिए। युवक को सीआईएसएफ का ज्वाइनिंग लेटर देकर पश्चिम बंगाल भी भेज दिया। वहां आरोपितों के साथी ने युवक को कलर ब्लाइंड बताकर घर भेज दिया। पीड़ित युवक के पिता ने आरोपित दंपति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव रामपुर बकली निवासी योगराज सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि चक्कर रोड स्थित ज्ञान विहार में नशा मुक्ति आश्रम के सामने उनकी जनरल मर्चेंट की दुकान है। पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसका पति सचिन दुकान पर खरीदारी करने आते थे। दोनों ने उनकी पत्नी और बेटे को सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया।
नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपितों ने अलग-अलग तारीखों में नकद और बैंक खाते में कुल 12 लाख 75 हजार रुपये रकम ट्रांसफर करा लिए। आरोपितों ने उत्तर प्रदेश हाउसिंग विभाग का रिजल्ट दिखाया और 13 दिसंबर 2022 को घर पहुंचकर ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिया।
बाद में 11 जुलाई 2023 को उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद का दैनिक पास देकर नौकरी ज्वाइन कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद भर्ती में विवाद बताकर लखनऊ में मामला शांत होने में समय लगने की बात कहकर सीआईएसएफ में पोस्टिंग के नाम पर नागपुर ट्रेनिंग सेंटर भेज दिया।
करीब एक माह बाद ट्रेनिंग सेंटर के फर्जी होने की बात सामने आने पर आरोपितों ने पोस्टिंग लेटर देकर उसे पश्चिम बंगाल भेज दिया। वहां दस दिन तक होटल में रुकने के बाद सचिन ने एक व्यक्ति को भेजा जो ज्वाइनिंग लेटर लेकर उसे मेडिकल कराने ले गया। मेडिकल के बाद कलर ब्लाइंडनेस की रिपोर्ट बताकर उसे वापस भेज दिया गया।
नौकरी नहीं लगने पर जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपितों ने उसे जान से मारने और दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि योगराज सिंह की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।