बाजार में नए-पुराने दोनों आलू की बंपर आवक, दाम गिरने से बिजनौर के किसानों को भारी नुकसान
बिजनौर में आलू किसानों को पुरानी और नई फसल की बंपर आवक के कारण भारी नुकसान हो रहा है, जिससे उन्हें लागत से भी कम दाम मिल रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बिजनौर में आलू किसानों को फसल के कम दाम मिल रहे।
पुरानी और नई फसल की बंपर आवक से दाम गिरे।
लागत अधिक होने से किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। बाजार में नई और पुरानी फसल की बंपर आवक ने आलू की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। पुरानी के बाद नई फसल के दाम भी किसानों को उम्मीद से कम ही मिल रहे हैं। किसान इस बार भी फसल में नुकसान ही बता रहे हैं। बाजार में फसल की आवक ज्यादा होने पर दाम और कम हो सकते हैं।
जिले में आलू का रकबा लगातार कम हो रहा है। अब यह दो हजार हेक्टेयर में ही सिमटकर रह गया है। यह हाल तब है जबकि जिले में भारतीय व बेल्जियम की साझा उपक्रम की कंपनी एग्रिस्टो मासा की पोटेटो फ्लेक्स लगाने की फैक्ट्री लगी है और फ्रेंच फ्राइज बनाने की यूनिट जल्दी शुरू होगी। कोरोना के बाद आलू की फसल के दाम बढ़े थे लेकिन इस बार फसल ने किसानों को धोखा दे दिया है।
आलू की पुरानी फसल के दाम इतने कम हैं कि अभी भी लगभग एक हजार मीट्रिक टन आलू रखा है जिसे किसान उठाने को तैयार नहीं हैं। हालांकि किसानों ने इससे पहले जो फसल उठाई थी वह बाजार में आ गई। उसके दाम एक हजार रुपये प्रति क्विंटल तक ही मिले। अब नई फसल भी बाजार में आ गई है।
इसके दाम गुरुवार को 1500 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल तक ही रहे। आलू की अगैती फसल सितंबर में बोई जाती है जो इस समय बाजार में आने लगी है। अक्टूबर में बोई फसल मार्च में खुदेगी। मार्च में आने वाली फसल की पैदावार इस समय से लगभग दोगुनी होती है।
लागत ज्यादा, आमदनी कम
गांव सिकंदरी निवासी किसान प्रदीप कुमार बताते हैं की आलू की एक बोरी की खोदाई से लेकर बोरी और बाजार में पहुंचाने की लागत 115 रुपये तक आ रही है जबकि दाम 750 रुपये तक ही मिल रहे हैं। खेत तैयार करने से लेकर बीज, बुआई, निराई, खाद का खर्चा अलग है। किसान के लिए आलू घाटे का सौदा साबित हो रहा है।
किसानों को सहफसली खेती के लिए जागरूक किया जा रहा है। बागवानी में एक फसल नुकसान देती है तो दूसरे से फायदा हो सकता है। किसानों को बाग लगाने को भी जागरूक किया जा रहा है।
-सतेंद्रपाल मान, जिला उद्यान अधिकारी
यह भी पढ़ें- यूपी में कहां-कहां उगाई गई आलू की नई प्रजाति 'कुफरी जमुनिया'? इसके सेवन से शरीर को हो सकते हैं कई फायदे
यह भी पढ़ें- आलू की खेती बनी घाटे का सौदा, भाव नहीं मिलने से कोल्ड स्टोर में डंप है किसानों का आलू, लागत निकालना भी मुश्किल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।