विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आलू की खेती बनी घाटे का सौदा, भाव नहीं म‍िलने से कोल्ड स्टोर में डंप है किसानों का आलू, लागत निकालना भी मुश्किल

By Sonu SinghEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 12:34 PM (GMT+05:30)

वाराणसी में आलू किसानों को लागत से कम दाम मिल रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। पुराने आलू कोल्ड स्टोर में पड़े हैं क्योंकि पंजाब से नए आलू आने के बाद उनकी मांग घट गई है और किसान बेहतर भाव का इंतजार कर रहे हैं।

HighLights

  1. किसानों को पुराने आलू के लिए लागत से कम दाम मिल रहे हैं।

  2. बेहतर भाव की उम्मीद में किसान आलू कोल्ड स्टोर में रखे हुए हैं।

  3. पंजाब से नए आलू आने से पुराने की मांग काफी घट गई।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सब्‍ज‍ियों की खेती को नकदी फसल का तमगा भले हास‍िल हो और सब्‍ज‍ियों का राजा होने का दम भरने वाला आलू अब स‍ियासी चर्चा में भले सोना बनाने का जर‍िया माना जा रहा हो लेक‍िन जमीनी हकीकत यह है क‍ि आलू के क‍िसान स‍िर धुन रहे हैं। दरअसल बाजार में पुराने आलू का उचित भाव नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

किसान बताते हैं क‍ि लागत के मुकाबले कीमत काफी कम होने के कारण किसानों ने कोल्ड स्टोर में रखा अपना आलू निकालना बंद कर दिया है। उन्हें अब भाव बढ़ने का इंतजार है। वहीं, पंजाब से नया आलू आने के बाद बाजार में पुराने आलू की मांग और घट गई है।

चोलापुर के कटारी निवासी किसान अनिल कुमार सिंह बताते हैं कि इस बार आलू की खेती में लागत के हिसाब से आमदनी नहीं हुई। बुवाई के लिए वह कोल्ड स्टोर से आलू निकाल चुके हैं, लेकिन बिक्री के लिए रखा आलू अब भी स्टोर में ही है।

पुराने आलू का भाव चार से पांच रुपये किलो तक पहुंच गया है। पंजाब से नया आलू आने के कारण खरीदार उसी को प्राथमिकता दे रहे हैं। ऐसे में किसान पुराने आलू को निकालने के बजाय भाव बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।

लमही मंडी के आलू विक्रेता विजय जायसवाल के अनुसार पंजाब से आए नए आलू का थोक भाव 20 रुपये किलो है, जबकि फुटकर में यह 23 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं, पुराने सफेद आलू का थोक भाव पांच रुपये और फुटकर भाव सात रुपये किलो है।

पुराने लाल आलू का थोक भाव आठ और फुटकर भाव 10 रुपये किलो है। पुराने आलू की खरीद मुख्य रूप से शादी-विवाह और रेस्टोरेंट में समोसा आदि बनाने के लिए हो रही है।

कोल्ड स्टोर के प्रबंधक अरविंद पांडेय बताते हैं कि अधिकतर किसान अपना आलू निकाल चुके हैं, लेकिन कुछ किसानों का आलू अभी भी स्टोर में रखा है। आसपास के जिलों के किसान यहां आलू भंडारित करते हैं।

मंडी से दूरी होने के कारण व्यापारी यहां आलू नहीं रखते। किसान ही अपनी जरूरत और बाजार में भाव के हिसाब से आलू निकालकर बेचते हैं। फिलहाल कम कीमत के चलते कुछ किसान बेहतर भाव मिलने की उम्मीद में आलू रोके हुए हैं।

यह भी पढ़ें : बनारस में सस्ती हो गई मटर, आम आदमी की थाली में लौटा निमोना और मटर चूड़ा का स्वाद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।