बनारस में सस्ती हो गई मटर, आम आदमी की थाली में लौटा निमोना और मटर चूड़ा का स्वाद
वाराणसी में मटर के दाम काफी गिर गए हैं, जिससे निमोना और मटर चूड़ा जैसे सर्दियों के व्यंजन आम आदमी की पहुंच में आ गए हैं। पहले 200-250 रुपये किलो बिकने वाली मटर अब थोक में 50 रुपये और फुटकर में 60 रुपये किलो मिल रही है, स्थानीय मटर आने पर दाम और घटने की उम्मीद है।
HighLights
मटर के दाम 200-250 से गिरकर 50-60 रुपये हुए।
निमोना, मटर चूड़ा जैसे व्यंजन अब आम आदमी की पहुंच में।
स्थानीय मटर आने पर कीमतों में और गिरावट की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। नवंबर माह के दूसरे पखवारे की शुरुआत के साथ ही कोहरे का दौर भी शुरू हो चुका है। अब ठंड अपने चरम की ओर बढ़ने लगी है ऐसे में ठंडक की सब्जियां भी बाजार का रुख करने लगी हैं। ठंड के मौसम में मिलने वाली जायकेदार मटर अब आम आदमी की पहुंच में अब आने लगी है।
हरी मटर के दाम कम होने से निमोना, मटर चूड़ा और घुघुरी का स्वाद भी लोगों को मिलने लगा है। करीब दो महीने पहले देहरादून की पहाड़ी मटर की आमद के साथ मंडी में इसकी बिक्री शुरू हुई थी। उस समय मटर की शुरुआती कीमत 200 से 250 रुपये किलो तक थी, जो धीरे-धीरे घटकर अब 50 रुपये किलो थोक में पहुंच गई है।
पहड़िया मंडी, लालपुर मंडी, भोजूबीर मंडी सहित लमही मंडी में इस समय मटर के खरीदारों की धूम है। मटर विक्रेता भोला जायसवाल, विक्की गुप्ता, अश्विनी पटेल, प्रमोद सोनकर ने बताया कि इस समय जबलपुर और पंजाब से आने वाली मटर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। कारोबारियों के अनुसार स्थानीय मटर आने में अभी पखवारे भर का समय और शेष है इसके बाद तेजी से भाव में कमी आएगी।
इसकी थोक कीमत 50 रुपये और फुटकर कीमत करीब 60 रुपये किलो है। हालांकि अभी स्थानीय मटर की आवक शुरू नहीं हुई है। लोकल मटर मंडी में पहुंचने के बाद कीमतों में और गिरावट आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन होने के कारण मटर की मांग भी बनी हुई है।