Jaunpur News: पूर्वांचल विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष से पिस्टल सटाकर साढ़े चार लाख की लूट, बदमाश फरार
जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह से सुबह टहलते समय दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल सटाकर सोने की चेन और चार अंगूठियां लूट लीं जिनकी कीमत करीब चार लाख पचास हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चांदमारी वार्ड में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पिस्टल सटाकर लूटपाट की। बदमाशों ने गले से सोने की चेन और चार अंगूठियां लूट ली। इसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख पचास हजार रुपये बताई जा रही है।
सुबह 5:03 बजे नंदकिशोर सिंह सुबह टहल रहे थे। चांदमारी वार्ड स्थित पुलिया के पास पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन्हें रोककर पिस्टल तान दी और कीमती आभूषण लूट लिया। इसके बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। सूचना पर लाइन बाजार पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों की पहचान के लिए क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।संभावित मार्गों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। इस घटना के बाद से विश्वविद्यालय कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है।
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इसे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की विफलता करार दिया और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।