Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोलीबारी के बावजूद मवेशी चोरों से भिड़े गांव के युवक, दो को दबोचा

    By JagranEdited By:
    Updated: Mon, 10 Jan 2022 04:19 PM (IST)

    जफराबाद (जौनपुर) नगर के बाईपास स्थित दरीबा में रविवार की रात मवेशी चोरों की गोलीबारी के बीच दिलेरी दिखाते हुए ग्रामीण युवक उनसे भिड़ गए।

    Hero Image
    गोलीबारी के बावजूद मवेशी चोरों से भिड़े गांव के युवक, दो को दबोचा

    जागरण संवाददाता, जफराबाद (जौनपुर): नगर के बाईपास स्थित दरीबा में रविवार की रात मवेशी चोरों की गोलीबारी के बीच दिलेरी दिखाते हुए ग्रामीण युवक उनसे भिड़ गए। दो घंटे चले गुरिल्ला युद्ध के बीच दो मवेशी चोरों को धर दबोचा। उनके तीन साथी वाहन सहित भाग निकले। बरामद हुए 25 हजार रुपये, तमंचा व कारतूस समेत आरोपितों को पुलिस को सौंप दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आधी रात के बाद करीब सवा दो बजे बाईपास पर दो पिकअप व दो बोलेरो वाहन से लगभग 15 की संख्या में मवेशी चोर धमक पड़े। सड़क से सौ मीटर की दूर राजदेव राजभर के दरवाजे पर बंधे दो भैंस खूंटा से पिकअप में खोलकर लादने जा रहे थे। संयोग से लघुशंका महसूस होने पर उसी समय राजदेव राजभर के छोटे पुत्र सोनू की नींद खुल गई। घर से बाहर निकले सोनू ने भैंसों को गायब देखा। उसकी नजर भैंस ले जा रहे मवेशी चोरों पर पड़ गई। सोनू ललकारते हुए उनकी तरफ लपका। मवेशी तस्कर उस पर पथराव करने लगे। सोनू शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा। गांव के दर्जनों साहसी युवक मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख मवेशी चोर गोलियां चलाने लगे। दिलेरी दिखाते हुए युवकों ने हाईवे पर चारों तरफ से उनके वाहनों को घेर लिया। करीब दो घंटे चले गुरिल्ला युद्ध में मवेशी चोरों का हौसला टूट गया। तीन वाहनों से अन्य मवेशी चोर भागे, कितु एक वाहन की युवाओं ने स्टेयरिग घुमा दी। नतीजतन वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया। उस पर लदे छह मवेशियों में से दो की दबने से मौत हो गई। उसमें सवार दो आरोपितों को दबोच लिया और जमकर पिटाई कर दी। भोर में चार बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह मय फोर्स पहुंच गए और दोनों को थाने ले गए। इन नौजवानों ने दिखाई दिलेरी

    अदम्य साहस के साथ मवेशी चोरों से दो-दो हाथ करने वाले युवकों में दरीबा के मोनू राजभर, सोनू राजभर, पप्पू राजभर, आकाश गिरि, दीपू गिरि, मनीष मौर्य, सुजीत प्रजापति, कप्तान गिरि, दुर्गा गिरि, शीतला प्रसाद गिरि, गौरव जायसवाल, पन्ना जायसवाल, गोपाल जायसवाल, राजेश जायसवाल, राज जायसवाल, अजय गिरि, विक्रम, रोहन गिरि, राजन गिरि प्रमुख रहे।

    अन्य दो गांवों में मवेशी चोरों से हुआ था मुकाबला

    जलालपुर थाना क्षेत्र के रेहटी गांव निवासी जगदीश यादव सुबह घायलावस्था में दरीबा पहुंचे। बताया कि मवेशी चोर करीब एक बजे उसके गांव धमके थे। जगदीश यादव व उनके स्वजन की नींद खुल गई। प्रतिरोध करने पर पथराव करने लगे जिससे जगदीश घायल हो गए। मवेशी चोर फरार हो गए। उसके बाद इजरी गांव पहुंचे वहां से सुनील प्रजापति के घर से छह भैंस लादकर भागने के बाद दरीबा गांव पहुंचे थे।