महिला ने बच्चों के ट्यूशन टीचर से बनाए अवैध संबंध, पति को छोड़ साथ रहने की जिद पर अड़ी; हुआ ये अंजाम
उत्तराखंड की भीमताल झील में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी अभिषेक को गिरफ्तार किया। अभिषेक जो महिला के गांव का ही रहने वाला है ट्यूशन पढ़ाने के दौरान महिला के संपर्क में आया था। उसने महिला को दिल्ली बुलाकर उत्तराखंड ले गया जहां शराब के नशे मेंउसे झील में डुबोकर मार डाला।

जागरण संवाददाता, जालौन। उत्तराखंड में भीमताल झील में महिला की डुबोकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मंगलवार रात उसके प्रेमी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह महिला के गांव डकोर का ही रहने वाला है।
महिला से उसका संपर्क बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने घर आने के दौरान हुआ था। उसने बताया कि महिला को पहले दिल्ली बुलाया, फिर उत्तराखंड ले गया। वहां शराब के नशे में बच्चों से बात कराने को लेकर विवाद हुआ, जिस पर उसने महिला को झील में डुबोकर मार डाला। वह पति को छोड़कर साथ रहने पर अड़ी थी और प्रेमी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना पहले ही बना ली थी।
भीमताल झील किनारे मिला था शव
पुष्पा बीती 27 मई को पति के साथ मायके जालौन जा रही थी। रास्ते में पति को वापस कर दिया और झांसी चली गई। वहां से दिल्ली पहुंच गई। सात जून को भीमताल झील किनारे उसका शव मिला था। पुष्पा के पति की तहरीर पर अभिषेक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस को अभिषेक ने बताया कि वह दिल्ली के होटल में काम करता था। कुछ दिनों बाद वह गांव लौट आया और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने लगा। दो साल पहले ऋषि तिवारी के बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने के दौरान पुष्पा से नजदीकियां बढ़ीं। पुष्पा कई बार कह चुकी थी कि वह पति को छोड़कर उसके साथ रहना चाहती है। वह जिद कर रही थी। इसलिए उसे रास्ते से हटाने के लिए योजना बनाई और दिल्ली बुलाया।
दिल्ली से पुष्पा को ले गया उत्तराखंड
पुष्पा 27 मई को दिल्ली पहुंच गई। दिल्ली से वह पुष्पा को उत्तराखंड ले गया। देहरादून, ऋषिकेश और मसूरी होते हुए दोनों पांच जून को नैनीताल पहुंचे। छह जून को भीमताल स्थित श्राहरा होटल में दोनों ने शराब पी। पुष्पा ने नशे में पति ऋषि तिवारी को फोन करके बच्चों से बात कराने को कहा, इस पर पति ने टालमटोल किया। इस बात को लेकर अभिषेक का पुष्पा से विवाद हो गया। रात करीब एक बजे वह उसे झील किनारे ले गया। वहां दोनों में झगड़ा हुआ।
पुष्पा नशे में थी, उसने अभिषेक का कॉलर पकड़ लिया। इस पर अभिषेक ने उसे पानी की ओर धकेल दिया और खुद झील में उतरकर उसे डुबो दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।