विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP CM Youth Entrepreneur Scheme: अपना कारोबार शुरू करने का मौका, युवाओं को मिल रहा 5 लाख तक ब्याजमुक्त ऋण, ऐसे करें आवेदन

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:51 PM (IST)

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण मिल रहा है ताकि ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. युवाओं को 5 लाख तक ब्याजमुक्त ऋण मिल रहा है।

  2. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत योजना।

  3. बैंकों की उदासीनता से ऋण वितरण में देरी हो रही।

जागरण संवाददाता, उरई। युवाओं को खुद का कारोबार शुरू करने का मौका मिल रहा है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। उरई में चालू वित्तीय वर्ष में 1600 युवाओं को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

लकड़ी के खिलौने तैयार करने वाले अमन को अगर पांच लाख का मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में ऋण मिलने से वह खुद का कारोबार कर रहा। प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनको आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान भी संचालित है। जिसमें पांच लाख रुपये तक का ऋण बिना ब्याज के दिए जाने की व्यवस्था है।

जिससे कि उद्यमी आसानी से अपना उद्यम स्थापित कर सकें लेकिन बैंकों की उदासीनता के चलते इस वित्तीय वर्ष में लक्ष्य पूरा होता नजर नहीं आ रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1600 का लक्ष्य जिले को मिला है। 670 आवेदन स्वीकृत किए गए। 651 को ही ऋण दिया गया। 350 आवेदन अभी भी विभिन्न बैंकों में ऋण पाने के लिए लंबित हैं।

जनवरी 2025 में शुरू हुई योजना

युवा बेरोजगार न रहें और अपनी आजीविका का माध्यम खुद बना सकें इसके लिए सरकार ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बिना ब्याज के ऋण देने की व्यवस्था तो बना दी लेकिन इस पर अमल करने में लापरवाही बरती जा रही है। सरकार ने योजना को जनवरी 2025 में शुरू किया था। जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जनपद को 400 का लक्ष्य दिया गया था। जिसमें 407 युवाओं ने आवेदन किया था। सभी को स्वीकृति मिली और ऋण भी वितरित किया गया।

2025-26 में 1603 को ऋण दिया गया

इसी तरह से वर्ष 2025-26 में 1700 का लक्ष्य आवंटित किया गया। जिसके सापेक्ष 1737 को स्वीकृति मिली और 1603 को ऋण दिया गया। शेष आवेदन लंबित बने रहे। इसी तरह से वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में लक्ष्य तो 1600 का दिया गया है। जिसके सापेक्ष अब तक कुल 670 को स्वीकृति प्रदान की गई और 651 को ऋण दिया गया। 350 आवेदन अभी भी लंबित हैं। इस रफ्तार को देखते हुए लक्ष्य पूरा होना ही मुश्किल दिखाई दे रहा है। बैंकों की शिथिलता की वजह से आवेदन लंबित बने रहते हैं। आवेदक बैंकों के चक्कर लगाकर थक हार कर बैठ जाते हैं। कुछ को छोड़कर अधिकांश निजी बैंक तो बिल्कुल भी योजना में रुचि नहीं लेते हैं। आवेदन स्वीकृत कर ऋण देने में यूपी ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक और स्टेट बैंक की स्थिति ठीक है।


मिली राहत

धूप बत्ती तैयार करने का कारखाना लगाया है, इसमें पांच लाख के मिले लोन से बड़ी मदद मिली। देर हो जाती तो हमारा सपना पूरा न हो पाता।
राधा पांडेय।


प्रिंट प्रेस के काम को चालू करने के लिए पांच लाख का लोन मिला तो उससे आज उद्योग रफ्तार पकड़े हुए हैं, और लोगों को भी रोजगार से जोड़ पा रहे हैं।
कृष्ण कुमार


इनको इंतजार

योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के ऋण के लिए आवेदन किया था लेकिन अभी तक वह सिर्फ इंतजार कर रहे हैं।
अनुज पांचाल, आवेदक।


पांच बार बैंक के चक्कर काट चुके हैं लेकिन सही कारण ही नहीं बताया जाता है, हर बार नया बहाना बना देते हैं।
रविंद्र कुमार, आवेदक।


विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए योजना के तहत लक्ष्य से अधिक आवेदन कराए जाते हैं जिससे कि अधिक से अधिक आवेदकों को लाभांवित किया जा सके लेकिन बैंकों की उदासीनता की चलते आवेदन लंबित हो जाते हैं। हालांकि लक्ष्य पूरा करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
धर्मेंद्र भाष्कर, उपायुक्त उद्योग

 

 

विवरण / वित्तीय वर्ष मुख्य आंकड़े एवं स्थिति
योजना का नाम एवं शुरुआत मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (जनवरी 2025 से शुरू)
वित्तीय वर्ष 2024-25 लक्ष्य: 400 | आवेदन: 407 | स्वीकृत एवं ऋण वितरित: 407
वित्तीय वर्ष 2025-26 लक्ष्य: 1700 | स्वीकृत: 1737 | ऋण वितरित: 1603
वित्तीय वर्ष 2026-27 (वर्तमान) लक्ष्य: 1600 | स्वीकृत: 670 | ऋण वितरित: 651 | लंबित: 350
प्रमुख सहायक बैंक यूपी ग्रामीण बैंक, इंडियन बैंक और स्टेट बैंक (अधिकांश निजी बैंक उदासीन)

मुख्य विशेषताएं

  • ऋण राशि: अधिकतम 5 लाख रुपये तक।
  • ब्याज: पूरी तरह से ब्याजमुक्त।


पात्रता मानदंड

  • आयु सीमा: आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष (कुछ वर्गों के लिए ऊपरी आयु सीमा में छूट संभव है) के बीच होनी चाहिए।
  • शैक्षिक योग्यता: न्यूनतम योग्यता 8वीं या 10वीं पास हो सकती है (यह परियोजना की प्रकृति पर निर्भर करेगा)।
  • निवासी: आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए।
  • उद्यमी स्थिति: केवल नए उद्योग, व्यापार या सेवा क्षेत्र की स्थापना के लिए ही यह ऋण दिया जाएगा। मौजूदा व्यवसाय के विस्तार के लिए शायद यह मान्य न हो।
  • डिफॉल्टर: आवेदक किसी भी बैंक या वित्तीय संस्थान का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए।
  • अन्य योजनाएं: यदि आवेदक ने केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ लिया है, तो वह इसके लिए पात्र नहीं हो सकता है।


आवश्यक दस्तावेज

  • आवेदन करते समय निम्नलिखित दस्तावेजों की आवश्यकता होगी:
  • आधार कार्ड (पते के प्रमाण के साथ)
  • शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • निवास प्रमाण पत्र
  • प्रोजेक्ट रिपोर्ट (व्यापार की योजना का विवरण)
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी



यह भी पढ़ें- सऊदी अरब तक पहुंची जालौन के बासमती की खुशबू, 2700 से बढ़कर 4000 रुपये क्विंटल हुए भाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।