Orai News: चुनाव आयोग के खिलाफ फूंका पुतला, पुलिस से उलझे, सपा जिलाध्यक्ष सहित 76 पर मुकदमा
चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को देशभर में प्रदर्शन किया गया। दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान नेताओं को हिरासत में लेने पर जिलों में भी आइएनडीआएए गठबंधन के समर्थकों ने विरोध जताया। पुलिस भी उलझे। उरई में सपा के जिलाध्यक्ष सहित 76 पर केस दर्ज किया गया।

जागरण संवाददाता, उरई। दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जुलूस निकाल कर शहर के शहीद भगत सिंह चौराहे पर चुनाव आयोग का पुतला फूंका था। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो सपाइयों ने उनसे धक्का मुक्की कर दी थी। इस मामले में केस दर्ज किया गया है।
सदर कोतवाली निरीक्षक अरुण कुमार राय की ओर से तहरीर देकर मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, कांग्रेस शहर अध्यक्ष रिहान सिद्दीकी सहित छह नामजद व 70 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालना, रोक के बाद भी सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन करने आदि की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सपा जिलाध्यक्ष व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने इस मुकदमा की कार्रवाई को लेकर रोष जताया है।
कानपुर में कांग्रेसियों ने चुनाव आयोग का पुतला फूंका, मुकदमा दर्ज
दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गाधी और अखिलेश यादव को हिरासत में लेने के विरोध में कानपुर नगर ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने चेतना चौराहे पर नारेबाजी के बीच बरसते पानी में चुनाव आयोग का पुतला फूंका। पुतला फूंकने में चार कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए। कोतवाली थाना प्रभारी जगदीश पांडेय ने बताया कि अध्यक्ष संदीप शुक्ला और 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कांग्रेसियों ने नारेबाजी करते हुए पुतले को चेतना चौराहे पर लाकर आग लगा दी। ज्यादा पेट्रोल डालने से तेज आग उठी। इससे युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अब्दुल माबूद सिद्दीकी, बाबु राम सोनकर, नफीस अहमद, प्रतीक शर्मा के हाथ झुलस गए। पुतला दहन के बाद कांग्रेसियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग संवैधानिक संस्था होने के बावजूद असंवैधानिक कार्य कर रही है। जनता के वोटों की चोरी की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जब वोटों की चोरी को देश की जनता के सामने रखा तो उन्हें, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया। पुतला दहन मे शशिकांत दीक्षित, बूटा सिंह, सतीश दीक्षित, अजीत यादव, ईखलाक अहमद डेविड, कृपेश त्रिपाठी, राम चन्द्र गुप्ता, दिव्यता बाजपेई, विक्रम स्वरूप अवस्थी मौजूद रहे। उधर, कानपुर महानगर कांग्रेस ने निंदा प्रस्ताव पारित किया। कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुआई में तिलक हाल में हुई बैठक में पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा, गयादीन अनुरागी, हर प्रकाश अग्निहोत्री, शंकर दत्त मिश्रा,निजामुद्दीन खान, प्रदीप निगम उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।