Jalaun Crime : दामाद से अवैध संबंध के शक पर पत्नी का किया यह हाल, खुद ही पहुंच गया पुलिस के पास
Jalaun Crime पत्नी का हत्यारोपित 61 वर्षीय रामप्रकाश सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के समक्ष हाजिर होकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सीओ सिटी अर्चना सिंह ने बताया कि हत्यारोपित ने घटना को अंजाम देने के बाद अपने को पुलिस के हवाले कर दिया है।

जागरण संवाददाता, जालौन : अधेड़ महिला के घर जमाई के साथ अवैध संबंध होने के शक पर उसके पति ने ऐसा कृत्य किया, जिसकी हर जगह पर थू-थू हो रही है। बेहद पवित्र माने जाने वाले सास और दामाद के रिश्ते को शक की निगाह से देखने वाले 61 वर्षीय रामप्रकाश ने खत्म कर दिया।
उरई में के इंदिरानगर का राम प्रकाश वर्मा राजमिस्त्री है। उसके साथ घर पर 33 वर्षीया पुत्री नेहा, नेहा का पति हेमंत और राम प्रकाश की 58 वर्षीय पत्नी सुमन रहते हैं। राम प्रकाश को शक था कि दामाद के साथ उसकी पत्नी के अवैध संबंध हैं। इसी को लेकर वह अक्सर विवाद करता था।
सोमवार को उसने सिल के बट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से भाग गया। उसका भतीजा कुछ देर बाद किसी काम से उनके घर पहुंचा तो चाची को खून से लथपथ देखा, उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। वह पड़ोसियों व स्वजन को जानकारी देकर उन्हें मेडिकल कालेज लेकर पहुंचा। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शाम चार बजे पत्नी का हत्यारोपित 61 वर्षीय रामप्रकाश सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस के समक्ष हाजिर होकर घटना की जानकारी देकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सीओ सिटी अर्चना सिंह ने बताया कि हत्यारोपित ने घटना को अंजाम देने के बाद अपने को पुलिस के हवाले कर दिया है, उसने बताया कि दामाद से अवैध संबंध के शक पर पत्नी की हत्या की है। अभी तक इस मामले में किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है।
राम प्रकाश वर्मा की बेटी नेहा का विवाह शहर के श्यामनगर निवासी हेमंत के साथ की थी। शादी के बाद से ही दामाद और बेटी सास-ससुर के पास ही रहने लगे थे। सोमवार को बेटी और दामाद किसी काम से घर से बाहर गए थे। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे रामप्रकाश का अपनी पत्नी सुमन से विवाद हुआ।
पुलिस के समक्ष उसने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का दामाद के साथ कुछ चक्कर है। शंका होने पर उसने पत्नी से ऐसा करने से रोका भी था। सोमवार को दोपहर के समय इसी को लेकर कहासुनी बढ़ गई तो उसने गुस्से में आकर पत्नी के सिर पर बट्टे से पांच-छह वार कर दिए। मरा समझ कर वहां से भाग गया। उरई मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान शाम चार बजे के करीब महिला को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।