कुठौंद दंगल में अंतरराज्यीय पहलवानों का जलवा, डेढ़ लाख की कुश्ती बराबरी पर छूटी, दर्शक हुए रोमांचित
जालौन के कुठौंद में आयोजित विशाल दंगल में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के पहलवानों ने दर्शकों को रोमांचित किया।

दंगल के दौरान दांवपेंच लगाते पहलवान। जागरण
HighLights
अंतरराज्यीय पहलवानों ने कुठौंद दंगल में दर्शकों को खूब रोमांचित किया।
डेढ़ लाख रुपये की मुख्य कुश्ती बराबरी पर छूटी।
झांसी के रवि और गाजियाबाद के अमित ने शानदार प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जालौन। कुठौंद ब्लाक के ग्राम शंकरपुर में विशाल दंगल में अंतरराज्यीय पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। अखाड़े में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी।
करीब 20 मुकाबले हुए, जिनमें कई कुश्तियां रोमांचक रही। दंगल का मुख्य आकर्षण अंतिम कुश्ती रही। इसमें झांसी के रवि शिकरवार और गाजियाबाद के अमित पहलवान के बीच एक लाख 51 हजार रुपये की इनामी कुश्ती हुई। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक एक-दूसरे पर दांव-पेच आजमाए, लेकिन कोई भी दूसरे को चित नहीं कर सका। अंततः यह मुकाबला बराबरी पर छूटा।
दतिया मध्य प्रदेश के पहलवान इंद्रजीत पाठक (मध्य प्रदेश केसरी) और नोएडा के विशाल पहलवान के बीच भी कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन किया और यह कुश्ती भी बराबरी पर समाप्त हुई। इसके अलावा हाथरस के शिवा पहलवान और फिरोजाबाद के लव पहलवान के बीच हुए मुकाबले में लव पहलवान ने जीत हासिल की।
हाथरस के नेत्रपाल, औरैया के शिवपूजन, टिकारी के छोटू पहलवान समेत अन्य पहलवानों ने भी अखाड़े में अपने दांव-पेच दिखाए। एक अन्य मुकाबले में अमित पहलवान ने छोटू पहलवान को शिकस्त देकर जीत दर्ज की।
कार्यक्रम में उद्घाटन का कार्य सुदामा दीक्षित ने किया और आशीष चतुर्वेदी, मनीष प्रधान, शंकरपुर मेला कमेटी के अध्यक्ष लकी त्रिपाठी और अनुराग मिश्रा मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- कानपुर में मेफेड्रोन तस्कर गिरोह के तीन और साथी गिरफ्तार, सरगना का अंडरवर्ड डान दाउद से कनेक्शन
यह भी पढ़ें- जालौन में युवाओं की नसों में घुल रहा नशा, भविष्य की राह में खड़ा हो रहा खतरा