Jalaun News : दहेज के लिए महिला को घर से निकाला, फिर मायके से उठा ले गए 2 साल का बेटा
जालौन में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया और उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने महिला के दो वर्षीय बेटे को भी छीन लिया। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस ने ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संवाद सहयोगी, जालौन। दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को लगभग एक माह पूर्व घर से निकाल दिया। बुधवार को ससुरालीजन महिला के मायके आए और मारपीट कर महिला के दो वर्षीय बेटे को अपने साथ ले गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुहल्ला चिमन दुबे निवासी प्रियंका देवी ने पुलिस को बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व मई 2021 में उसके पिता ने उसकी शादी महेवा थाना चिरगांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ गोलू के साथ की थी। शादी के कुछ दिन बाद पति धर्मेंद्र, ससुर लालता प्रसाद, देवर नन्हेराजा ने दहेज में एक बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी। जब उसने पिता को यह बात बताई तो उन्होंने ससुरालियों को बताया कि वह उनकी मांग को पूरा करने में असमर्थ हैं।
महिला को किया प्रताड़ित
इसके बाद उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। 26 जुलाई को ससुरालियों ने उसे उसके दो वर्षीय बेटे के साथ घर से निकाल दिया। किसी तरह वह मायके पहुंची और तभी से पिता के पास रह रही है। बुधवार को ससुराल से तीनों लोग उसके घर आ धमके और गाली, गलौज करने लगे।
मना करने पर उसके साथ न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसके बेटे को भी अपने साथ ले गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि जांच के बाद जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।