उरई मेडिकल कालेज में जूनियर की रैगिंग का Video Viral, 7 MBBS छात्रों पर कार्रवाई, निष्कासन
उरई के राजकीय मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों से रैगिंग का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो वायरल होने के ...और पढ़ें

HighLights
उरई मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों से रैगिंग का मामला।
सात वरिष्ठ एमबीबीएस छात्रों को एक सप्ताह के लिए निलंबित।
प्रत्येक छात्र पर एक हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
जागरण संवाददाता, उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में जूनियर एमबीबीएस छात्रों से रैगिंग का मामला सामने आया है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने सात वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का आदेश जारी किया है।
दोषी पाए गए छात्रों को एक सप्ताह के लिए शैक्षणिक कक्षाओं, क्लीनिकल ड्यूटी और छात्रावास में रहने से निष्कासित करने के साथ ही प्रत्येक पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, मामले में शामिल जूनियर छात्र को भी चेतावनी दी गई है।
इंटरनेट मीडिया पर शनिवार रात एक वीडियो प्रचलित किया गया। इसमें दिखाया गया कि जूनियर छात्रों की रैगिंग की जा रही है। यह वीडियो राजकीय मेडिकल कॉलेज का बताया गया। यह मामला दो दिन पूर्व का बताया जा रहा है है।
इन पर हुई कार्रवाई
रैगिंग पर पूर्णतया प्रतिबंध होने के बावजूद सीनियर छात्रों द्वारा रैगिंग किए जाने के मामले को लेकर प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने एमबीबीएस 2025 बैच के सात छात्रों पर कार्रवाई की है। इनमें वेदांत पांडेय, प्रियांशु सोनकर, उदय कुमार, प्रिंस रावत, सुशांत बंसल, राम गणपत और नवीन शामिल हैं।
जूनियर छात्र को भी चेतावनी
इनको एक सप्ताह के लिए कॉलेज की सभी शैक्षणिक कक्षाओं, क्लीनिकल ड्यूटी एवं छात्रावास में निवास से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही एक-एक हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है। इसके साथ ही एक जूनियर छात्र को अन्य जूनियर छात्रों को सीनियर के कहने पर वाट्सएप के माध्यम से संदेश भेजने को लेकर चेतावनी दी गई है।
वाट्सएप के माध्यम से हुई रैगिंग
कॉलेज प्रशासन के अनुसार जांच में सामने आया कि वरिष्ठ और जूनियर छात्रों के बीच कथित रैगिंग से संबंधित बातचीत वाट्सएप के माध्यम से हुई थी। जांच के आधार पर वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जूनियर छात्र को भी भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में शामिल नहीं होने और किसी भी शिकायत की जानकारी तत्काल एंटी रैगिंग सेल को देने के निर्देश दिए गए हैं।
जूनियर छात्रावास की सुरक्षा बढ़ाई
प्राचार्य अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि जूनियर छात्रों को अलग छात्रावासों में रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। छात्रावासों के वार्डन निरीक्षण कर रहे हैं। इसके बावजूद मोबाइल नंबर साझा करने और वीडियो बनाकर प्रसारित करने जैसी गतिविधियों को लेकर चिंता जताई गई है।
सोमवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक
उन्होंने बताया कि सोमवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें रैगिंग के मामलों में दंड और सख्त करने पर विचार किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि परिसर में रैगिंग के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
