विवाद के बाद दाऊजी मेले में फिर गूंजेगा आरएलडी आई रे... सिंगर एंडी जाट के प्रोग्राम में जयंत चौधरी भी होंगे शामिल!
हाथरस के दाऊजी मेले में हरियाणवी सिंगर एंडी जाट को आरएलडी आई रे... गाना गाने से रोकने पर विवाद हो गया। भाजपा के सहयोगी दल रालोद के नेता इस पर मुखर हैं। अब 17 सितंबर को एंडी जाट फिर से मेला पंडाल में प्रस्तुति देंगे। इस बार रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होंगे जिससे मेले में आरएलडी आई रे... की गूंज सुनाई देगी।

हिमांशु गुप्ता, हाथरस। पंजाबी दरबार में हरियाणवी सिंगर एंडी जाट को आरएलडी आई रे... गीत गाने से रोकने का मामला तूल पकड़ गया है। इस पर भाजपा के सहयोगी दल रालोद के नेता मुखर दिखाई दे रहे हैं। सिंगर एंडी जाट को फिर से आमंत्रित किया गया है। 17 सितंबर को (आज) फिर से वह मेला पंडाल में आ रहे हैं।
यह कार्यक्रम मेला परिसर में लगे जाट शिविर में होना था, लेकिन पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता के बाद यह कार्यक्रम मेला पंडाल में होना सुनिश्चित हुआ है। रात्रि में संगीत सम्मेलन में सिंगर मासूम शर्मा के साथ एंडी जाट भी प्रस्तुति देंगे। फिर से उस मंच पर आरएलडी आई रे गीत गूंजेगा। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होने आ रहे हैं।
दो दिन पहले पंजाबी दरबार में एंडी जाट को यह गाना गाने से रोक दिया गया था
दाऊजी मेले में 14 सितंबर को पंजाबी दरबार कार्यक्रम था। इसमें सिंगर एंडी जाट प्रस्तुति देने आए थे। उन्होंने कई गाने गाए। विधानसभा चुनाव के दौरान उनका गाया हुआ गीत आरएलडी आई रे भी खूब चला था। उन्होंने पंजाबी दरबार कार्यक्रम में इस गाने को गाया।
कार्यक्रम संयोजक और भाजपा के पूर्व विस्तारक अंकित गौड़ ने यह गाना बंद करा दिया। उनकी प्रस्तुति रोक दी गई। यह वीडियाे प्रसारित होने लगा। इसके बाद तो मामला गरमा गया। तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। रालोद के नेताओं ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एंडी जाट को फिर से आमंत्रित किया।
सोशल मीडिया में प्रसारित हुआ वीडियाे, फिर से रालोद नेताओं ने किया आमंत्रित
एंडी जाट का कार्यक्रम जोर-शोर से मेला परिसर में लगे जाट समाज के शिविर में कराने की योजना बनाई। इसकी जानकारी पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। वह मामले को मैनेज करने में जुट गए। प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा नेताओं से बातचीत के बाद अब यह कार्यक्रम मेला पंडाल में होना तय हुआ है।
रालोद से सादाबाद के विधायक प्रदीप चौधरी गुड्डू और जिलाध्यक्ष श्याम सिंह ने बताया कि एंडी जाट अब जाट शिविर में नहीं बल्कि मेला पंडाल में मासूम शर्मा के संगीत सम्मेलन कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शामिल होने आ रहे हैं। इस आयोजन में बड़ी संख्या में रालोद समर्थक और जाट समाज के लोगों की आने की उम्मीद की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।