हाथरस में सहालग से फूलों की सजावट के कारोबार में बंपर उछाल, दोगुने काम से कारीगरों को मिल रहा फायदा
सहालग के दौरान हाथरस में फूलों की सजावट का कारोबार दोगुना हो गया है, जिससे कारीगरों को खूब फायदा मिल रहा है।

शहर के नयागंज में फूलों से सजी कार और नयागंज स्थित एक दुकान पर फूलों की माला बनाते दुकानदार। जागरण
HighLights
सहालग में फूलों की सजावट का कारोबार हुआ दोगुना।
गाड़ी, स्टेज, मंडप सजाने पर हजारों रुपये का खर्च।
ताजे और आर्टिफिशियल फूलों का चलन बढ़ा, कारीगरों को लाभ।
जागरण संवाददाता, हाथरस। सहालग के साथ ही फूलों की सजावट का कारोबार भी महकने लगा है। शादी समारोहों में अब सिर्फ दूल्हे की कार ही नहीं, बल्कि जयमाला स्टेज, मंडप और प्रवेश द्वार को भी आकर्षक बनाने के लिए फूलों पर खूब खर्च किया जा रहा है।
बदलते ट्रेंड के बीच ताजे और आर्टिफिशियल फूलों के कॉम्बिनेशन की मांग बढ़ी है। शादी की तस्वीरों और वीडियो को खास बनाने की चाह में परिवार सजावट के लिए पहले से बुकिंग करा रहे हैं। इसका सीधा फायदा फूल सजाने वाले कारीगरों को मिल रहा है।
शहर के नयागंज, आगरा रोड और अलीगढ़ रोड स्थित दुकानों पर इन दिनों सजावट के ऑर्डर लगातार पहुंच रहे हैं। दूल्हे की कार को सजाने के लिए 1500 से लेकर 10 हजार रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। ग्राहक अपनी पसंद और बजट के अनुसार गुलाब, गेंदा, रजनीगंधा और आर्टिफिशियल फूलों का चयन कर रहे हैं।
कार पर फूलों की डिजाइन, रंगों का संयोजन और आकर्षक सजावट को लेकर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। कार सजाने वाले कारीगर दिनेश कुशवाह ने बताया कि सहालग में सामान्य दिनों की अपेक्षा काम करीब दोगुना हो जाता है।
ऑर्डर अधिक होने के कारण चार से पांच अतिरिक्त लोगों को काम पर लगाना पड़ता है। एक कार को तैयार करने में करीब एक से दो घंटे का समय लगता है। पहले गेंदा के फूलों से सजावट कराने का चलन अधिक था, लेकिन अब गुलाब और आर्टिफिशियल फूलों की मांग बढ़ी है।
फ्लावर डेकोरेटर भोलू वर्मा के मुताबिक, इस बार ताजे और आर्टिफिशियल फूलों को मिलाकर सजावट कराने का चलन है। आर्टिफिशियल फूल लंबे समय तक खराब नहीं होते, जबकि ताजे फूल सजावट को प्राकृतिक खूबसूरती देते हैं। सहालग में लगातार बुकिंग मिलने से कारीगरों को भी अच्छा काम मिल रहा है।
स्टेज और मंडप सजाने पर भी खर्च
शादी समारोहों में जयमाला स्टेज की सजावट भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसे सजाने में तीन हजार से 20 हजार रुपये तक खर्च किए जा रहे हैं। मंडप में गेंदा, गुलाब और रजनीगंधा की झालरों का इस्तेमाल हो रहा है। वहीं, प्रवेश द्वार पर फूलों के तोरण और आकर्षक आर्च बनाए जा रहे हैं। परिवार अपनी पसंद के अनुसार गुलाबी, लाल, पीले और सफेद रंगों की थीम चुन रहे हैं।
फूल और बुके के दाम
बुके 150 रुपये से शुरू होकर 1000 रुपये तक मिल रहा है। गुलाब सिंगल 10 से 30 रुपये तक बिक रहा है। गेंदा 60 से लेकर 90 रुपये किलो तक है। गाड़ी सजाने का खर्च 1500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक है। जयमाला का स्टेज सजाना तीन से 20 हजार रुपये तक पड़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।