हाथरस में लगेंगे 30 हाईटेक CCTV: 99 लाख होंगे खर्च कर अपराध और ट्रैफिक पर होगी पैनी नजर
हाथरस नगर पालिका और पुलिस विभाग मिलकर शहर में 30 सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं। 99 लाख की लागत से लगने वाले ये कैमरे अपराध नियंत्रण, यातायात नियमों की निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा में मदद करेंगे।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
हाथरस में 99 लाख की लागत से लगेंगे 30 सीसीटीवी कैमरे।
अपराध नियंत्रण, यातायात निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा में मिलेगी मदद।
हाईटेक कैमरे रात में भी स्पष्ट तस्वीर देंगे, रिकॉर्डिंग सुरक्षित।
जागरण संवाददाता, हाथरस। शहर में अपराधिक वारदात और ट्रैफिक नियमों पर निगरानी रखने को नगर पालिका और पुलिस विभाग ने मिलकर यह योजना बनाई है। शहर के जिन स्थानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रहती है और जहां घटनाएं ज्यादा होती हैं, वहां कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को पुलिस के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा।
नगर पालिका शहर के हर चौराहे और तिराहे पर करीब 30 सीसीटीवी कैमरे 99 लाख की लागत से लगाएगी। हालांकि कुछ सीसीटीवी कैमरे पहले से लगे हैं जो आबादी के हिसाब से नाकाफी हैं।
पुलिसकर्मी 24 घंटे इन कैमरों पर नजर रखेंगे
शहर के सासनी गेट, आगरा रोड, अलीगढ़ रोड, मथुरा रोड, सादाबाद गेट, कमला बाजार, स्टेशन रोड, बस स्टैंड, मंडी समिति, गांधी पार्क चौराहा, इगलास रोड और तालाब चौराहा जैसे प्रमुख स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर दिन-रात लोगों का आना-जाना लगा रहता है। अक्सर यहां जाम लगता है और अपराधी वारदात करके भाग जाते हैं। कैमरे लगने से पुलिस को आरोपियों की पहचान करने में आसानी होगी।
नगर पालिका की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाने को खर्च किए जाएंगे पूरे 99 लाख रुपये
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राेहित सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। कैमरे हाईटेक होंगे। रात में भी साफ तस्वीर आएगी। इनकी रिकॉर्डिंग एक महीने तक सुरक्षित रहेगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस फुटेज को सबूत के तौर पर इस्तेमाल कर सकेगी। कैमरों के जरिए अतिक्रमण करने वाले भी कैद हो सकेंगे।
शहर के प्रमुख चौराहे और तिराहे पर निगरानी रखेंगे 30 सीसीटीवी कैमरे
इसके अलावा ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर भी कार्रवाई आसान होगी। बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट और तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों का चालान कैमरे की मदद से किया जा सकेगा। शहरवासियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। व्यापारियों का कहना है कि बाजारों में कैमरे लगने से चोरी की घटनाएं कम होंगी। लोगों ने मांग की है कि कैमरों की देखरेख की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि वे खराब न हों।
यह भी पढ़ें- हाथरसवासियों के लिए खुशखबरी: 2.5 करोड़ से बनेगा गोलचक्कर, तालाब ओवरब्रिज पर अब नहीं होंगे हादसे!
पालिका अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि कैमरों के रखरखाव की पूरी व्यवस्था की जाएगी। खराब होने पर तुरंत ठीक कराया जाएगा। शहर को स्मार्ट और सुरक्षित बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम साबित होगा।
नगर पालिका शहर के हर चौराहे और तिराहे पर करीब 30 सीसीटीवी कैमरे 99 लाख की लागत से लगाएगी। इस संबंध में पालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया की शुरूआत कर दी गई है।
रोहित सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका हाथरस।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।