गले-होंठ पर चोट के निशान, आंखों में खौफ..., हाथरस में मासूम से रेप; 4 दिन बाद घर पहुंच सुनाई आपबीती
Hathras Rape Case हाथरस में 7 साल की मासूम से दरिंदगी का मामला सामने आया है। आरोपी अमन खान ने बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर बहलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के गले और होंठ पर चोट के निशान हैं और वह बुरी तरह से सहमी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, हाथरस। गले और होंठ पर चोट के निशान, उदास चेहरा और आंखों में खौफ। चार दिन बाद बुधवार को घर पहुंचकर सात वर्ष की बच्ची खूब रोई। स्वजन के गले लगाने पर वह सब बताने लगी, जो दरिंदे अमन खां ने किया। उस काली रात पोखर के किनारे पिता की आवाज सुन वह बोलने वाली थी, मगर दरिंगे ने जोर से मुंह दबा दिया।
बच्ची सुबकते हुए मां से बोली- वहां अंधेरा था। चीज लेकर घर आ रही थी। वह पहले से वहीं था। चाकलेट के बहाने उसने पास बुलाया और फिर उठा ले गया। आपबीती ने तो हर किसी को हिला दिया। इस दौरान हर कोई आक्रोश में था।
शनिवार रात वह घर से कुछ दूरी पर स्थित परचून की दुकान से चीज लेने गई थी। तब घर में सन्नाटा था। स्वजन गंगा स्नान के लिए राजघाट जाने की तैयारी कर रहे थे। बच्ची अपनी छह वर्षीय तयेरी बहन के साथ घर से निकली थी।
अस्पताल में लगी भीड़
बुधवार की दोपहर अलीगढ़ के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कालेज से घर पहुंची तो उसका हाल जानने के लिए घर के आंगन में भीड़ थी। पिता के साथ कमरे में गई। डरी -सहमी काफी देर खामोश रही। फिर पिता व मां को आपबीती सुनाना शुरू किया तो बाहर मौजूद लोगों तक गुस्सा था।
पिता को उसने बताया कि पांच रुपये की चाकलेट लेकर लौट रही थी। गली में अंधेरा था। वहां पर अमन खां ने दोनों को रोक लिया। पिता ने बताया कि अमन ने बच्ची से पूछा था कि बेटा चाकलेट खाएगी। वह उसकी बातों में आ गई। कुछ दूर चलकर आरोपित ने भतीजी को धक्का मारा और बेटी को उठाकर ले गया। वह पैदल ही दो सौ मीटर दूर पोखर के पास गया और झाड़ियों में दुष्कर्म किया। तलाशते हुए स्वजन व ग्रामीण पोखर पर पहुंचे थे।
बेटी ने बताया कि नाम लेकर पिता ने आवाज लगाई थी। उसे सुन वह बोलना चाह रही थी तभी दुष्कर्मी ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी। वह दुष्कर्मी के आगे हाथ जोड़ती रही, लेकिन दरिंदे ने उसकी एक बात नहीं सुनी। करीब डेढ़ घंटे बाद गांव के कुछ लोग और पोखर के पास पहुंचे तो बच्ची वहां अर्द्धबेहोशी की हालत में पड़ी थी। दुष्कर्मी वहां से भाग चुका था।
सामान्य हो रहे हालात, बाजार खुले
दुष्कर्म के बाद से उफने बिसावर क्षेत्र के हालात अब सामान्त होने लगे हैं। आरोपित को फांसी, उसके घर पर बुलडोजर चलवाने और एक करोड़ के मुआवजे की मांग को लेकर तीन दिन बाजार बंद रहे और प्रदर्शन, धरना हुआ। बुधवार को बाजार खुले। तनाव जरूर है, जिसके चलते पुलिस तैनात रही। पुलिस अब तक छह लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। माता-पिता के बयान भी जल्द दर्ज किए जाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।