Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हाथरस में पशुमित्र के हत्यारों पर कार्रवाई के लिए बवाल, पथराव में दारोगा घायल; PAC तैनात

    Updated: Wed, 10 Sep 2025 08:49 PM (IST)

    हाथरस में पशुमित्र विनय कुमार की हत्या के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शव गांव पहुंचने पर हंगामा शुरू हो गया और लोग हत्यारों को गोली मारने की मांग करने लगे। पुलिस के साथ झड़पें हुईं और आरोपियों के घर पर पथराव किया गया जिसमें एक दारोगा घायल हो गया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

    Hero Image
    चंदपा के गांव अर्जुनपुर में पशु मित्र का शव आने के बाद पुलिस व ग्रामीणों के बीच होती नोकझोंक। जागरण

    जागरण संवाददाता, हाथरस। रंजिश में की गई पशुमित्र की हत्या को लेकर आक्रोश दूसरे दिन भी थमा नहीं। बुधवार को शव गांव लाया गया तभी लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में एकत्रित हुए लोगों ने चार घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं होने दिया और हत्यारों को गोली मारने की मांग करने लगे। इसको लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई। आरोपितों के घर पर पथराव कर दिया। इसमें एक दारोगा घायल हो गया। अंतिम संस्कार के समय भी कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया तो पुलिस ने लोगों को खदेड़ा। अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हो सके। तनाव देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दलित समाज के पशुमित्र विनय कुमार का तीन महीने पहले गांव के ही राकेश और उनके भाई राजू से विवाद हो गया था। विनय के बाबा पप्पू ने बताया कि राजू शराब के नशे में गालियां दे रहा था। विनय ने विरोध किया तो विवाद हो गया। तब ग्रामीणों ने समझा कर मामला शांत कर दिया था। राजू और उसके भाई रंजिश मानने लगे। लीतेश ने बताया कि मंगलवार शाम उनके बड़े भाई विनय कुमार अपने पशुओं की देखभाल के लिए गए थे। वहां राजू, राजेश, उनके तीसरे भाई गब्बर, विनोद कौशिक, रामकिशन, रामकुमार, श्यामविहारी पहुंच गए। इन्होंने विनय पर हमला कर दिया। विनय पर चाकू से कई वार किए गए।

    जिला अस्पताल में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलने पर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। देर रात तक हंगामा चला। जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया। आरोपितों के घर पर पथराव किया गया। पुलिस ने लीतेश की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। राजेश और उसके भाई गब्बर को गिरफ्तार कर लिया गया। शव पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को गांव ले जाया गया। तभी आसपास के गांवों के दलित समाज के लोग भी आ गए। कुछ लोगों ने आरोपितों के घर पर पथराव कर दिया। इस दौरान दारोगा शिवम शाहू के माथे पर पत्थर लग गया। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि दो आरोपितों को जेल भेजा गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।