हाथरस में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पड़ोसी जिलों से मिलावटखोरी बढ़ने की आशंका
हाथरस में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इस दौरान 90 ...और पढ़ें

90 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
HighLights
खाद्य सुरक्षा विभाग का त्योहारों पर विशेष अभियान।
हाथरस में 90 खाद्य नमूनों को जांच हेतु भेजा।
मिलावट पाए जाने पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, हाथरस। त्योहारों के दौरान मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने 9 अक्टूबर से विशेष अभियान शुरू किया है। 23 दिनों में विभाग ने निरीक्षण कर 90 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे हैं। सबसे अधिक गड़बड़ी की आशंका मिठाइयों में जताई जा रही है।
नवरात्र, दशहरा, करवा चौथ के बाद धनतेरस, दीपावली, भैयादूज और गोवर्धन पूजा पर खाद्य पदार्थों की मांग काफी बढ़ गई है। व्रत और पूजन में सिंघाड़े व कुट्टू का आटा, मूंगफली, दूध और इनसे बनी मिठाइयों की मांग अधिक रहती है।
दूध का उत्पादन मांग के अनुरूप नहीं होने से मिलावट और नकली दूध की आशंका बनी रहती है। विभाग आसपास और दूर के जनपदों से होने वाली आपूर्ति पर नजर रख रहा है। आगरा, अलीगढ़, कासगंज और मथुरा से नकली खोआ व मिठाइयां आने की सूचना के बाद रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड और बस अड्डों पर दिन-रात निरीक्षण किया जा रहा है। हालांकि विभाग का कहना है कि अब तक दूषित, मिलावटी या नकली खाद्य पदार्थों की कोई बड़ी खेप नहीं पकड़ी गई है।
यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले मिलावटखोरी बढ़ी, मैनपुरी में खाद्य सुरक्षा टीम ने पकड़ा 30 KG मिलावटी पनीर
बीते 23 दिनों में लिए गए नमूनों में खोआ, बर्फी, पेड़ा और दूध के पांच-पांच नमूने शामिल हैं। मूंगफली और सिंघाड़ा आटे के चार-चार तथा कुट्टू आटा, डोडो बर्फी, छेना मिठाई, कलाकंद, रबड़ी पनीर के दो-दो नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा बर्फी, परवल मिठाई, खीर कदम, सरसों का तेल, बूंदी, सूजी की मिठाई, घी, मिल्क केक, मखाना, साबूदाना, बिलिंकिट के सीलपैक मोतीचूर लड्डू और मनभावन सोनपापड़ी का एक-एक नमूना लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावट की जांच को भेजे गए सैंपल, रिपोर्ट पर होगी कार्रवाई
खाद्य पदार्थों में अधोमानक, मिलावट की जांच के लिए नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय मनोज तोमर ने बताया कि रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। दूसरी या उससे अधिक बार गड़बड़ी करने वालों पर अधिक जुर्माना लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि मिलावट रोकने का अभियान पांच नवंबर तक चलेगा और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें प्रतिदिन निरीक्षण कर रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।