दीपावली से पहले मिलावटखोरी बढ़ी, मैनपुरी में खाद्य सुरक्षा टीम ने पकड़ा 30 KG मिलावटी पनीर
खाद्य सुरक्षा टीम ने मैनपुरी में मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई की।

एटा से आ रहा 30 किलो दूषित पनीर जब्त कर नष्ट किया गया।
HighLights
मैनपुरी में 30 किलो दूषित पनीर जब्त कर नष्ट किया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई की।
एक्सपायर्ड नमकीन और बिना बैच का तेल भी पकड़ा।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। त्योहार आते ही मिलावटखोरों ने मैनपुरी के बाजारों में अपनी पकड़ तेज कर दी है। पनीर और खोया की मिलावटी खेप पहुंचाई जा रही है। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन की टीम ने रविवार को सूचना पर ईको गाड़ी में नीले ड्रम से 30 किग्रा दूषित पनीर बरामद किया। प्रारंभिक जांच के बाद उसे नष्ट करा दिया गया।
रविवार दोपहर सूचना पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एके पाठक ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार को साथ लेकर कस्बा कुरावली में निगरानी बढ़ाई। एटा की ओर से आ रही ईको गाड़ी को रुकवाकर जब पूछताछ की तो गाड़ी के अंदर नीला ड्रम रखा मिला। जांच की तो ड्रम में छिपाकर पनीर को मैनपुरी के बाजार के लिए लाया जा रहा था।
वाहन चालक द्वारा इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई। पनीर को नष्ट करा दिया गया। जांच के बाद टीम ने कस्बा कुरावली में कई दुकानों पर भी खाद्य सामग्री की जांच की। बाबा मिष्ठान भंडार में एक्सपायर हो चुकीं 15 पैकेट नमकीन व बिना बैच का 35 टिन रिफाइंड आयल पकड़ा। नमकीन को नष्ट कराने के बाद रिफाइंड को दुकानदार की अभिरक्षा में रखवाया गया है। दुकानदार से खरीद के बिल और बैच नंबर उपलब्ध कराने को कहा है।
