विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हापुड़ में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिलावटी पनीर और नकली चाप का हुआ खुलासा

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:53 PM (IST)

हापुड़ में पनीर का नमूना प्रयोगशाला जांच में 'अनसेफ' पाया गया है, जिससे लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ ...और पढ़ें

डेरी में जांच करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जागरण।

डेरी में जांच करती खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जागरण। 

HighLights

  1. हापुड़ में पनीर का नमूना प्रयोगशाला जांच में 'अनसेफ' पाया गया।

  2. मैदा से बनाई जा रही थी नकली चाप, प्रतिष्ठान सील किया गया।

  3. खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाया, डेयरी में भी खामियां मिलीं।

जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ जिले में नकली क्रीम के कारोबार का मामला सामने आने के बाद अब पनीर की गुणवत्ता ने भी लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

सिंभावली क्षेत्र के गांव टोडलपुर के जमील के सप्लाई वाहन से लिया गया पनीर का नमूना प्रयोगशाला जांच में अनसेफ पाया गया है। यह पनीर दिल्ली और गुरुग्राम में सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पनीर को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।

पनीर की गुणवत्ता पर सवाल

खाद्य पदार्थों में मिलावट का मामला सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि आखिर लोगों की थाली तक पहुंच रहे पनीर की गुणवत्ता की निगरानी कैसे हो रही है। विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि संबंधित पनीर की सप्लाई किन-किन स्थानों तक की जा रही थी। जिले में मिलावटी क्रीम तैयार किए जाने का मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग पहले से ही जांच कर रहा है।

अब पनीर का नमूना भी अनसेफ आने से जांच का दायरा और व्यापक किया जा रहा है। विभाग की निगरानी अब केवल तैयार खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि निर्माण इकाइयों, भंडारण स्थलों और सप्लाई वाहनों की भी जांच की जाएगी। इससे मिलावट के स्रोत और वितरण नेटवर्क का पता लगाने में मदद मिल सकेगी।

सोयाबीन के नाम पर मैदा से तैयार हो रहा चाप

हापुड़ में लोगों की सेहत से खिलवाड़ का एक और मामला सामने आया है। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित मानसी एंटरप्राइजेज के प्रतिष्ठान में गंदगी के बीच जमीन पर रखकर चाप तैयार की जा रही थी।

यहां पर सोयाबीन से बनने वाली चाप को मैदा से तैयार किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शुक्रवार दोपहर छापा मारकर करीब दो क्विंटल तैयार चाप और कच्चे माल को नष्ट करा दिया। इसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। टीम ने चाप का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा और प्रतिष्ठान को सील कर दिया है। बिना लाइसेंस कारोबार करने के मामले में नोटिस जारी करने समेत अन्य कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ददायरा की डेयरी में भी मिलीं खामियां

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने श्यामपुर रोड स्थित गांव ददायरा में रविंद्रा डेयरी पर भी छापा मारा। यहां गंदगी समेत कई कमियां मिलीं। टीम ने डेयरी संचालक को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए नोटिस दिया है। साथ ही मिलावट की आशंका के चलते खोया, दूध, पनीर और घी का एक-एक नमूना संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

इन नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, मोहित कुमार, सहरिश सादात समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- हापुड़ में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत में दंपती की मौत