चाल और चप्पलों से खुला एटीएम तोड़ने का राज, बाएं पैर की चोट से हुई आरोपी को पहचान
हाथरस में एटीएम तोड़ने के प्रयास का मामला सुलझा लिया गया है।
-1793560890862_m.webp)
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एटीएम तोड़ने के प्रयास में आरोपी सनी गिरफ्तार।
सीसीटीवी में चाल और चप्पलों से मिला सुराग।
बाएं पैर की चोट ने आरोपी की पहचान कराई।
जागरण संवाददाता, हाथरस। एटीएम में चेहरा नहीं दिखा, आसपास के कैमरों में केवल चाल और चप्पलें नजर आईं। पुलिस ने इन्हीं सुरागों के सहारे एटीएम तोड़कर नकदी चोरी करने के प्रयास का पर्दाफाश कर दिया। मुरसान रेलवे स्टेशन के सामने हुई घटना में पुलिस ने किला मढ़ैया मुरसान निवासी सनी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से टायरलीवर बरामद हुआ है।
30 और 31 अक्टूबर की मध्य रात्रि हाथरस-मथुरा रोड पर रेलवे स्टेशन मुरसान के सामने स्थित एटीएम को लोहे की राड से तोड़ने का प्रयास किया गया था। इस दौरान बूथ की ट्यूबलाइट क्षतिग्रस्त होने से अंदर अंधेरा हो गया था और कैमरे में संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट नहीं आया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर एसओजी और मुरसान पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
एटीएम के तकनीकी परीक्षण से घटना का संभावित समय रात 2:53 से 3:10 बजे के बीच सामने आया। इसके बाद घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक कैमरे में संदिग्ध चौड़ी पट्टी वाली चप्पल पहने दिखाई दिया। उसकी चाल असामान्य थी और चलते समय बाएं पैर पर अधिक दबाव पड़ रहा था।
नेपाल में लगी चोट से जुड़ा सुराग
स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने पर पुलिस को पता चला कि सनी के बाएं पैर में करीब दो सप्ताह पहले नेपाल में मिठाई बनाते समय जलने की चोट लगी थी। पुलिस ने इस जानकारी का सीसीटीवी फुटेज से मिलान किया। घटना के समय और संदिग्ध की गतिविधियों में समानता मिलने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में सनी ने नशे की लत पूरी करने के लिए एटीएम तोड़ने का प्रयास करने की बात स्वीकार की। काम नहीं होने के कारण उसके पास पैसे नहीं थे। उसने एक पंक्चर की दुकान से लोहे का टायरलीवर चोरी किया और रात में कम आवागमन का फायदा उठाकर एटीएम खोलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका।
आरोपित के विरुद्ध मुरसान थाने में वर्ष 2022, 2023 और 2026 में विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम और एसओजी प्रभारी धीरज गौतम शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में 10 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, जबलपुर से मिला लिंक, 5 राज्यों में हुई गिरफ्तारी
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा, दीवाली मुनाफे का काला कारोबार ध्वस्त; एक आरोपी गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।