हाथरस: पूर्व विधायक छाबी मियां का निधन, सादाबाद में आज होंगे सुपुर्द-ए-खाक; लगातार दो बार जीते थे चुनाव
सादाबाद के पूर्व विधायक कुंवर मुस्तमंद अली खान उर्फ छाबी मियां का 92 वर्ष की आयु में आगरा में निधन हो गया। उन्होंने 1985 और 1989 में सादाबाद से विधायक के रूप में कार्य किया, और उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है।

छाबी मियां की फाइल फोटो।
HighLights
पूर्व विधायक छाबी मियां का 92 वर्ष की आयु में निधन।
1985 और 1989 में सादाबाद से दो बार विधायक रहे।
उनका अंतिम संस्कार बुधवार को सादाबाद में किया जाएगा।
संवाद सूत्र, सादाबाद (हाथरस)। सादाबाद के पूर्व विधायक कुंवर मुस्तमंद अली खान उर्फ छाबी मियां का मंगलवार शाम करीब सात बजे निधन हो गया। 92 वर्षीय छाबी मियां ने आगरा के बालूगंज स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही सादाबाद में शोक की लहर दौड़ गई। समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर दुख जताया।
लोकदल के टिकट पर पहली बार पहुंचे थे विधानसभा
नवाब परिवार से ताल्लुक रखने वाले छाबी मियां का सादाबाद की राजनीति में लंबा जुड़ाव रहा। उन्होंने वर्ष 1985 में लोकदल के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर पहली बार विधायक बने। इसके बाद 1989 के चुनाव में जनता दल के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे। पार्टी का चुनाव चिह्न बदलने के बावजूद उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की और विधानसभा पहुंचे।
1985 और 1989 में लगातार दो बार बने थे विधायक
वर्ष 1991 में उन्होंने तीसरी बार चुनाव लड़ा। उस समय प्रदेश में राम लहर का प्रभाव था। इस चुनाव में उन्हें 5015 मतों से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी क्षेत्र की राजनीति में उनकी पहचान बनी रही। छाबी मियां का अंतिम संस्कार बुधवार को सादाबाद में बाग वाली मस्जिद के निकट स्थित उनके निजी कब्रिस्तान में किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'क्या हम भिखारी हैं...', यूपी चुनाव में अखिलेश यादव के 26 सीटों के ऑफर पर भड़की कांग्रेस
यह भी पढ़ें- फर्रुखाबाद में शादी से लौटते बारातियों की कार नहर में गिरी, दूल्हा के मौसा की मौत
उनके अंतिम दर्शन और सुपुर्द-ए-खाक में क्षेत्र के लोगों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। निधन की खबर के बाद बड़ी संख्या में लोग आगरा स्थित उनके आवास के लिए रवाना हुए।