अध्यक्ष व सचिव समेत 80 लेखपालों पर मुकदमा दर्ज
धारा 144 का उल्लंघन करने पर मुरसान पुलिस ने की कार्रवाई ब्लर्ब- कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचे एडीएम वित्त ने लेखपालों का फर्श और माइक जब्त करा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हाथरस : गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे कलक्ट्रेट पर चल रहे धरने के लिए फर्श लेकर पांच-सात लेखपाल ही पहुंचे थे, तभी अपनी टीम के साथ एडीएम वित्त एवं राजस्व जेपी सिंह आ गए और साफ कहा कि धारा 144 का उल्लंघन नहीं होने देंगे। धरना स्थल से फर्श और माइक जब्त करा लिया। साफ कहा कि धरना खत्म नहीं किया तो सीधे जेल जाओगे मगर जैसे ही लेखपालों की संख्या बढ़ी तो उन्होंने पूरे जोश के साथ धरना शुरू कर दिया। शाम को लेखपाल संघ के अध्यक्ष रामनिवास सिंह और सचिव विजय कुमार शर्मा समेत 20 नामजद समेत 80 लेखपालों के खिलाफ धारा 144 का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया।
गुरुवार को हुए धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता मुकेश कुमार ने और संचालन जिला मंत्री विजय कुमार शर्मा ने किया। धरने को उप्र राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी और अमीन संघ के जिलाध्यक्ष कमलेश बाबू, संयुक्त परिषद के उपाध्यक्ष अनिल यादव ने समर्थन का एलान किया। कई और संगठनों का समर्थन मिला है।
मंगलवार को प्रशासन ने कठोर कदम उठाते हुए लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष समेत 18 लेखपालों को निलंबित कर दिया था। कुल 146 को नो वर्क नो पे के आधार पर ब्रेक इन सर्विस कर दिया था।
धरने में जिलाध्यक्ष रामनिवास सिंह, देवव्रत गौतम, कुलदीप सिंह, जितेंद्र सिंह, प्रमोद अग्निहोत्री, विवेक कुमार, िवपिन कुमार, गुंजन उपाध्याय, रमेश चंद्र, एजाज मेहंदी, विनय चौधरी, कु. रुचि, अशोक उपाध्याय, ब्रजेश शर्मा, रेनू शर्मा, नरेश पाल गौतम, दिलीप अग्रवाल, अरविद कुमार, हंसराज, मेघा जैन, नीलम गौतम, सुरेंद्र कुमार, ऋषि कुमार, प्रवीण कुमार, प्रेमपाल सिंह आदि लेखपालों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बर्खास्तगी के नोटिस के
बाद हड़ताल से अलग
एडीएम वित्त एवं राजस्व के अनुसार हड़ताल पर बैठे उन आठ अस्थाई लेखपालों को बर्खास्ती का नोटिस दोपहर में थमा दिया गया था जो बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे थे। इनमें नरेंद्र पाल सिंह, जसपाल चंद्र, आदित्य प्रसाद, मुकेश कुमारी, नीलेश, गौरव, अमन और शिव कुमार हैं। नोटिस की खबर मिलते ही शाम को आठों लेखपाल हड़ताल से अलग होकर काम पर वापस आ गए।
ऐन वक्त पर टली कलक्ट्रेट से लेखपालों की गिरफ्तारी
गुरुवार को लेखपालों को धारा 144 का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार करने का पूरा प्लान बना लिया गया था। सबसे पहले तो कलक्ट्रेट के गेट को बंद करा दिया गया था, ताकि कोई लेखपाल भाग न सके। इसके अलावा मुरसान के अलावा हाथरस गेट के इंस्पेक्टर मनोज कुमार शर्मा को फोर्स के साथ कलक्ट्रेट बुला लिया गया था, मगर दोपहर में डीएम की जरूरी बैठक के कारण गिरफ्तारी टाल दी गई। इसके अलावा लेखपालों की तुलना में फोर्स भी कम था। कोई प्रशासनिक अफसर भी नहीं दिखा तो पुलिस ने कदम पीछे खींच लिए। संभावना जताई जा रही है कि लेखपालों की गिरफ्तारी शुक्रवार की सुबह हो सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।