सपना चौधरी के प्रोग्राम से घबराई पुलिस! दाऊजी मेले में नहीं दी अनुमति, आयोजक बोले- 8 लाख एडवांस में दिए
पुलिस-प्रशासन ने हाथरस के श्री दाऊजी महाराज मेले में 6 अक्टूबर को प्रस्तावित सपना चौधरी के संगीत सम्मेलन की अनुमति ...और पढ़ें

सपना चौधरी।
HighLights
सपना चौधरी के संगीत सम्मेलन की अनुमति देने से इनकार।
पुलिस-प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण को चुनौती बताया, सुरक्षा चिंताएं।
आयोजकों ने कलाकार को आठ लाख रुपये एडवांस दिए हैं।
जागरण संवाददाता, हाथरस। श्री दाऊजी महाराज मेले के अंतिम दिन छह अक्टूबर को प्रस्तावित हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के संगीत सम्मेलन को लेकर पेच फंस गया है। पुलिस-प्रशासन ने भीड़ की संभावना को देखते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से इंकार कर दिया है। वहीं आयोजक कार्यक्रम कराने पर अड़े हैं। उनका कहना है कि कलाकार की बुकिंग करीब 15 दिन पहले की गई थी और आठ लाख रुपये एडवांस दिए जा चुके हैं। मामले को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी के बीच बातचीत प्रस्तावित है।
पुलिस की ओर से प्रशासन को भेजी गई आख्या में मेला पंडाल की क्षमता करीब तीन हजार दर्शकों की बताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सामान्य दिनों में भी तीन से चार हजार लोग मेला देखने पहुंच रहे हैं।
पुलिस की रिपोर्ट में तीन हजार क्षमता वाले पंडाल में कई गुना भीड़ जुटने की आशंका
पुलिस ने इतनी भीड़ को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण बताया है। प्रशासन की चिंता हाल में हुए लाफ्टर शो के दौरान सामने आई अव्यवस्था से भी जुड़ी है। कार्यक्रम के दौरान भीड़ बेकाबू होने पर कुछ लोगों ने कुर्सियां फेंक दी थीं। भगदड़ जैसी स्थिति बनने पर कार्यक्रम रोकना पड़ा था। इसी घटना को देखते हुए पुलिस ने सपना चौधरी के कार्यक्रम में संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई है।
आठ लाख रुपये दिए एडवांस
संगीत सम्मेलन के संयोजक जय शर्मा ने बताया कि सपना चौधरी को करीब 15 दिन पहले कार्यक्रम के लिए बुक किया गया था। बुकिंग के लिए आठ लाख रुपये एडवांस दिए जा चुके हैं। कार्यक्रम से ठीक पहले अनुमति नहीं मिलने की स्थिति में आयोजकों के सामने आर्थिक नुकसान के साथ व्यवस्थागत परेशानी भी खड़ी हो गई है।
जय शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम निर्धारित रूप से नहीं होने पर एडवांस राशि वापस मिलने को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। आयोजकों ने प्रशासन से मामले में व्यावहारिक समाधान निकालने का अनुरोध किया है।
सुरक्षा मानकों का पालन करने का भरोसा
कार्यक्रम अध्यक्ष मुनेश पाल बघेल ने कहा कि आयोजक प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने को तैयार हैं। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन जो भी मानक तय करेगा, उन्हें लागू किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं के आधार पर कार्यक्रम की अनुमति दी जानी चाहिए।
