हाथरस से जुड़े फरीदाबाद विस्फोटक मामले के तार, रसायन कारोबारी जांच के घेरे में
गिरफ्तार आरोपी ने सामग्री हाथरस से लाने की बात कबूली है, और जिले का नाम पहले भी अवैध पटाखा निर्माण ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
फरीदाबाद में 2496 किलो पटाखा सामग्री हाथरस से जुड़ी।
हाथरस के रसायन कारोबारी हरियाणा पुलिस की जांच में।
जिले का नाम पहले भी अवैध पटाखा विस्फोटों में आया।
जागरण संवाददाता, हाथरस। फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में 2496 किलोग्राम पटाखा निर्माण सामग्री की बरामदगी के तार हाथरस से जुड़ने के बाद यहां के रसायन कारोबारियों पर हरियाणा पुलिस और खुफिया विभाग की नजर पड़ गई है। मुकेश कॉलोनी के रिहायशी इलाके में एक कमरे से मिले 2296 किलो पोटेशियम नाइट्रेट और 200 किलो गंधक के मामले में गिरफ्तार पुनीत ने पूछताछ में सामग्री हाथरस से लाने की बात कही है।
तीन दिन के रिमांड में पुलिस अब यह पता लगाएगी कि हाथरस में सामग्री किससे खरीदी गई और इसकी सप्लाई में कौन-कौन शामिल है।
2023 में भी सामने आया था कनेक्शन
जिले का नाम पहली बार इस तरह की जांच में नहीं आया है। 2023 में पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर पटाखा फैक्टरी विस्फोट की जांच में एसटीएफ को हाथरस से कलमी शोरा भेजे जाने की जानकारी मिली थी। जांच में हाथरस की एक फर्म से 50-50 किलो के 10 कट्टे हावड़ा भेजे जाने का तथ्य सामने आया था।
मई 2026 में देवास की पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के बाद गठित एसआईटी भी हाथरस पहुंची थी। जांच में सासनी के एक कारोबारी की फर्म से पोटेशियम नाइट्रेट की आपूर्ति की आशंका सामने आई थी।
एसआईटी ने की थी अन्य व्यापारी से भी पूछताछ
एसआईटी ने यहां एक अन्य व्यापारी से भी पूछताछ की थी। हाथरस में अवैध पटाखा निर्माण के मामले भी सामने आते रहे हैं। सहपऊ क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 132 किलो निर्मित-अर्धनिर्मित पटाखे और कच्चा माल बरामद किया था। सितंबर 2026 में सिकंदराराऊ में भी अवैध पटाखा निर्माण के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर 45 किलो सामग्री बरामद की गई थी।
