शादी यादगार बनाने का क्रेज: इंग्लिश थीम से सज रहे जयमाला स्टेज, फूलों की बारिश के बीच दुल्हन की एंट्री
हाथरस में शादियों में अब इंग्लिश थीम वाली सजावट का चलन बढ़ गया है, जिसमें विदेशी फूलों और कस्टमाइज्ड सेट पर विशेष जोर दिया जा रहा है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रहे हैं, जिसमें जयमाला स्टेज और दुल्हन की फूलों की बारिश के बीच एंट्री खास आकर्षण हैं।

शहर के आगरा रोड स्थित एक मैरिज होम पर विदेशी फूलों से बने जयमाला की स्टेज। सौ. से सेट डिजायनर
HighLights
हाथरस में इंग्लिश थीम वाली शादी की सजावट का चलन।
विदेशी फूल जैसे व्हाइट कार्नेशन, ट्यूलिप, ऑर्किड की मांग बढ़ी।
कस्टमाइज्ड और ईकोफ्रेंडली सेट पर लाखों का खर्च।
संवाद सहयोगी, हाथरस। शादी ऐसी होनी चाहिए जिसे लोग हमेशा याद रखें। रुपये की चिंता बिल्कुल मत करो, बस शादी में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। बेटे-बेटियों की शादी की तैयारियों में जुटे परिवारों से अक्सर इस तरह की बातें सुनी जाती हैं। ऐसे में इस बार सहालग में इंग्लिश थीम वाली शादी पार्टी पर अधिक जोर है।
आकर्षक थीम वाली सजावट लोगों को अधिक पसंद आ रही है। इसमें सबसे अधिक विदेशी फूल व्हाइट कार्नेशन, व्हाइट रोज, एंथोलियम, टाटा रोज, ट्यूलिप, बर्ड ऑफ पैराडाइज, आर्किड, हेलोगेनिया, केला लिली आदि की मांग है। तरह-तरह के फूलों से बने जयमाला स्टेज की डिमांड है। वहीं, फूलों की बारिश के बीच दुल्हन की एंट्री पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
एक से पांच लाख तक हो रहा खर्च
विवाह मंडप या मैदान में ऐसा लुक तैयार किया जा रहा है कि वहां सब कुछ बदला-बदला नजर आए। गमलों, हरे पौधों के जरिए शामियाने को बगीचे वाला लुक दिया जा रहा है। वहीं, शादी के लिए खूबसूरत सेटअप के लिए लोग लाखों रुपये खर्च करने से भी गुरेज नहीं कर रहे हैं।
रजवाड़ा, राजसी या वाइट हाउस के सेट वाली सजावट ही नहीं बल्कि ओरिजनल लुक वाली सजावट की डिमांड है। लोग शादी के मंडप की सजावट में हर अरमान पूरा करना चाहते हैं।

शहर के एक मैरिज होम पर विदेशी फूलों से बने जयमाला और प्रवेश द्वार। सौ. से सेट डिजायनर
एक से 10 हजार रुपये तक है वरमाला की कीमत
सेट को ही डेस्टिनेशन वेडिंग के लुक में सजाया जा रहा है, ताकि मेहमानों को लगे कि वे किसी दूसरी दुनिया में आ गए हैं। इसी तर्ज पर कस्टमाइज सेट इस बार शादियों में बनाए जा रहे हैं। इनका खर्च एक से लेकर पांच लाख रुपये तक है। फूलों व सामान की कीमत, सजावट के क्षेत्रफल के आधार पर तय होती है। घर से लेकर फॉर्म हाउस और कार तक सभी पर सजावट की तैयारियां चल रही हैं। वरमाला की कीमत एक से 10 हजार रुपये तक है। तीन से चार घंटे में एक पेटल्स वरमाला तैयार होती है। देशी फूलों की वरमाला 1500 रुपये से शुरू होती है।
जयमाल के लिए घूमते स्टेज का क्रेज
शादियों में घूमते हुए स्टेज पर जयमाल, दूल्हा-दुलहन के स्वजन के रैंप वाक, थीम आधारित लाइटिंग आदि का क्रेज है। फूलों की सजावट करने वाले गोलू वर्मा ने बताया कि इन दिनों रजवाड़ा स्टाइल में मोगरे, रजनीगंधा, गेंदे और गुलाब और वेस्टर्न थीम पर लिली, एंथोरियम, जरबेरा की सजावट करवा रहे हैं।
कॉपी नहीं कस्टमाइज सेट पर जोर
लोगों को अब शादी का सेट भी यूनिक और नया चाहिए। किसी के डिजायन को कॉपी करना उन्हें पसंद नहीं आ रहा है। दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी की महफिल एकदम नए डिजायन में तैयार कराना चाहते हैं। ईकोफ्रेंडली सेट के कांसेप्ट में दूल्हा-दुलहन की यह ख्वाहिश बेहद आसानी से पूरी हो रही है। इसमें कॉपी सेट जैसा कुछ नहीं है, कस्टमाइज सेट हो बनाए जा रहे हैं। सेट डिजायनर दूल्हा-दुल्हन के बताए डिजायन के अनुसार थ्रीडी इमेज में पूरा सेट डिजायन करके दिखा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हाथरस में लगेंगे 30 हाईटेक CCTV: 99 लाख होंगे खर्च कर अपराध और ट्रैफिक पर होगी पैनी नजर
ईकोफ्रेंडली सेट की खासी मांग
शादियों में इस बार ईकोफ्रेंडली सेट की खासी मांग है। ईकोफ्रेंडली सेट को सूखी टहनियों, डलियों, टोकनियों, फूलों, सूखे पत्ते, सफेद कार्निशन, पर्दे, फूलों की झालर, फूलों के पर्दे, लालटेन, कंदील, क्रेप पेपर, पतंग, मसंद, तकिए, सफेद लिली व तनों से बनाया जा रहा है। बने बनाए फाइबर और स्टील सेट के बजाय लोग खुद अपनी मर्जी का सेट बनवाना पसंद कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- क्रिकेट में करियर बनाने का मौका: UPCA क्रिकेट ट्रायल के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, आगरा के खिलाड़ियों को मौका
नासिक और पुणे से गुलदस्तों के लिए मगाएं फूल
शादियों में दूल्हा-दुल्हन को गुलदस्ता देने का चलन भी बढ़ गया है। फूलमंडी के व्यापारी मनीष सैनी बताते हैं कि गुलदस्ते की बढ़ती मांग को देखते हुए नासिक और पूना से लाल, सफेद और पीले गुलाब मंगाए जा रहे हैं।
लोगों को हर साल कुछ नया चाहिए।
बालीवुड सेलिब्रिटी के शादी समारोह की सजावट को देखकर लोग प्रेरित होते हैं। विदेश में होने वाली शादियों में हुई सजावट की तर्ज पर शादी का सेट बनवाना चाहते हैं। गोलू वर्मा, सेट डिजायनर, बालाजी इमेज
60 प्रतिशत हो चुकी बुकिंग
शादियों की सजावट के लिए अभी से 60 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। स्टेज, मंडप, मेहंदी और हल्दी के साथ ही दूल्हा-दुल्हन की वरमाला बनाने के लिए ऑर्डर मिले हैं। पेटल्स वरमाला की मांग ज्यादा है। इसे दिल्ली और बेंगलुरु से ऑर्डर देकर मंगवाया जा रहा है। स्टेज, मंडप, मेहंदी के साथ ही वाहनों की सजावट के लिए फूलों के साथ ही कृत्रिम फूलों की भी मांग बढ़ी है। अन्नू उपाध्याय, बिहारी जी इवेंट्स
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।