विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सांडी पक्षी विहार में विदेशी परिंदों का आगमन, आठ हजार पक्षियों ने जमाया डेरा; सैलानियों की आमद बढ़ी

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:39 AM (IST)

सर्दी की दस्तक के साथ हरदोई के सांडी पक्षी विहार में विदेशी मेहमान परिंदों का आगमन शुरू हो गया है। 

सांडी पक्षी विहार में उड़ान भरते पक्षी। विभाग

सांडी पक्षी विहार में उड़ान भरते पक्षी। विभाग

HighLights

  1. विदेशी परिंदों का सांडी पक्षी विहार में आगमन शुरू।

  2. लगभग आठ हजार प्रवासी पक्षियों ने विहार में डेरा जमाया।

  3. सैलानियों की आमद बढ़ी, पक्षी विहार गुलजार हुआ।

जागरण संवाददाता, हरदोई। सर्दी की दस्तक के साथ ही सांडी पक्षी विहार में विदेशी मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर पहुंचे प्रवासी पक्षियों ने झील को अपना बसेरा बना लिया है। अब तक करीब आठ हजार पक्षी विहार में डेरा जमा चुके हैं।

झील में कहीं झुंड में तैरते परिंदे नजर आ रहे हैं तो कहीं पानी में अठखेलियां करते पक्षी सैलानियों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रवासी मेहमानों की चहचहाहट से विहार गुलजार हो उठा है। अभी सर्दी की शुरुआत है और तापमान में गिरावट के साथ प्रवासी पक्षियों के नए झुंड पहुंचने की उम्मीद है। विदेशी मेहमानों की दस्तक के साथ ही विहार में सैलानियों की आमद भी बढ़ने लगी है।

सुबह और शाम झील का नजारा बेहद मनमोहक

पक्षी विहार में इन दिनों गार्गनी टील, कामन टील, नार्दर्न पिंटेल, इंडियन स्पाट-बिल्ड डक, एशियन ओपनबिल और पेंटेड स्टार्क समेत कई प्रजातियों के पक्षी दिखाई दे रहे हैं। सुबह और शाम झील का नजारा बेहद मनमोहक रहता है। पक्षियों की गतिविधियों को सैलानी अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। बच्चों और प्रकृति प्रेमियों में इन्हें देखने का विशेष उत्साह है।

झील में जलजंजाल, बड़ी काई, कलमी साग, खाजा, मोटी पत्ती और छोटी खाजा जैसी जलीय वनस्पतियां प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। भोजन की पर्याप्त उपलब्धता और अनुकूल प्राकृतिक वातावरण के चलते प्रवासी पक्षियों के लिए सांडी की झील पसंदीदा आश्रय स्थल बनी हुई है।

सर्दियों में सांडी पक्षी विहार प्रवासी पक्षियों का प्रमुख ठिकाना बन जाता है। तापमान में गिरावट के साथ आने वाले दिनों में पक्षियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। विदेशी मेहमानों के बढ़ते कुनबे के साथ विहार में पर्यटन की रौनक भी बढ़ने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- सावधान! रसोई का धुआं और पक्षी पालने का शौक कहीं खराब न कर दे फेफड़े; पटना में डॉक्टरों ने दी चेतावनी

यह भी पढ़ें- सर्दियों में विदेशी मेहमानों के कलरव से गूंज रहा समान पक्षी विहार, बर्ड वॉचर्स ने डाला डेरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।