सावधान! रसोई का धुआं और पक्षी पालने का शौक कहीं खराब न कर दे फेफड़े; पटना में डॉक्टरों ने दी चेतावनी
रसोई का धुआं और पक्षी पालने का शौक फेफड़ों की गंभीर बीमारी इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (ILD) का खतरा बढ़ा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ब्रीथकान के वार्षिक सम्मेलन में सोविनर का लोकार्पण करते हुए। (जागरण)
HighLights
रसोई का धुआं, पक्षी पालन और प्रदूषण फेफड़ों को गंभीर खतरा।
आईएलडी के प्रमुख जोखिम कारक: धूम्रपान, गठिया और वायु प्रदूषण।
पटना में इंटरस्टिशियल लंग डिजीज के मामले तेजी से बढ़ रहे।
जागरण संवाददाता, पटना। रसोई का धुआं और पक्षी पालने का शौक, न केवल अस्थमा, सीओपीडी, ब्रांकाइटिस पीड़ितों में अटैक की समस्या बल्कि स्वस्थ लोगों में भी फेफड़ों की गंभीर बीमारी का कारण बन सकता है।
लंबे समय तक घर के अंदर होने वाले इस धुएं, बारीक धूल कणों व पक्षियों के पंखों व बीट के निकले सूक्ष्म कणों के लगातार अंदर जाने से इंटरस्टिशियल लंग डिजीज (आईएलडी) का खतरा बढ़ जाता है।
इस रोग में फेफड़ों के ऊतकों में सूजन के साथ धीरे-धीरे फाइब्रोसिस यानी फेफड़ों में जख्म हो जाते हैं। समय पर इसकी पहचान व उपचार नहीं होने से इसका उपचार मुश्किल हो जाता है।
पटना व प्रदेश में आईएलडी रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ये बातें रविवार को थोरैसिक सोसाइटी ऑफ बिहार के वार्षिक सम्मेलन ब्रीथकान-2026 में सचिव सह पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. एसके मधुकर ने कहीं।
इसके पूर्व स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, प्रख्यात पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. दीपक तलवार, पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रणदीप गुलेरिया, आयोजन सचिव डॉ. प्रकाश सिन्हा, अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार आदि ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
मौके पर आईजीआईएमएस के निदेशक डॉ. बिन्दे कुमार, डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, डॉ. अमिताभ बंका, डॉ. महेंद्र कुमार, डॉ. अभिजीत सिंह, डॉ. रामजी सिंह, डॉ. आशीष कुमार झा समेत करीब 500 चिकित्सक उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रख्यात पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. दीपक तलवार और पद्मश्री से अलंकृत डॉ. रणदीप गुलेरिया को चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया।
अस्थमा, टीबी और सीओपीडी बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियां
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सरकार प्रदेश में ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसमें किसी मरीज को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
गत 20 वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं का आधार तैयार किया गया है। अब सात निश्चय-3 के लक्ष्य सुलभ स्वास्थ्य, सुरक्षित जीवन को पूरा करना है।
अस्पताल आने वाले रोगियों के साथ परिवार की उम्मीदें भी आती हैं इसलिए रोगी को केस के बजाय के डाक्टर उन्हें ऐसे इंसान के रूप में देखें जिसे संवेदना व सम्मान की जरूरत है। अस्पताल के आधुनिक भवन, उपकरण व योजनाएं तभी सफल हैं जब डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी संवेदनशीलता और समर्पण से काम करें।
हर रोगी को समय पर उपचार मिल सके इसलिए ट्रामा सेंटर, एंबुलेंस सेवा, सुपरस्पेशियलिटी सुविधाओं और डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण काम किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांस लेना जीवन की बुनियादी आवश्यकता है।
सांस संबंधी बीमारी का असर व्यक्ति के पूरे जीवन पर पड़ता है। आज अस्थमा, टीबी, सीओपीडी, निमोनिया और फेफड़ों से जुड़ी अन्य बीमारियां बड़ी चुनौती हैं।
वायु प्रदूषण, बदलती जीवनशैली, तंबाकू का सेवन और पर्यावरण में बदलाव इन चुनौतियों को और गंभीर बना रहे हैं। उन्होंने देशभर से आए विशेषज्ञों से कहा कि उनका अनुभव, शोध और सुझाव बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
प्रदूषण, धूमपान और गठिया प्रमुख जोखिम कारक
डॉ. एसके मधुकर ने कहा कि आईएलडी के चार प्रमुख जोखिम कारकों में पक्षियों से संपर्क, वायु प्रदूषण, धूम्रपान और गठिया जैसी आटोइम्यून बीमारियां हैं। घरों में धूप-अगरबत्ती के धुएं का नियमित संपर्क भी फेफड़ों के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
पक्षियों के पंखों और बीट में मौजूद प्रोटीनयुक्त कण कुछ लोगों में फेफड़ों की प्रतिरक्षा संबंधी प्रतिक्रिया पैदा कर सकते हैं। इससे हाइपरसेंसिटिविटी न्यूमोनाइटिस हो सकता है।
लगातार सूखी खांसी, थोड़ा चलने या सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना और सामान्य कामकाज में थकान आईएलडी के लक्षण हो सकते हैं। एचआरसीटी चेस्ट और पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट (पीएफटी) जांच से बीमारी की पहचान में मदद मिलती है।
फंगस संक्रमण को टीबी समझने की नहीं करें भूल
प्रख्यात पल्मोनोलाजिस्ट डॉ. दीपक तलवार ने फेफड़ों के जटिल संक्रमणों में सही पहचान के लिए मल्टीडिसिप्लिनरी डिस्कशन (एमडीडी) की अहमियत पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि फंगल संक्रमण और टीबी के लक्षण, सीटी स्कैन में कई बार मिलती-जुलती तस्वीर देते हैं। ऐसे में केवल लक्षणों के आधार पर टीबी की दवा खिलाने से मरीजों के लिवर पर दुष्प्रभाव होता है।
ऐसे में बायोप्सी आदि कराकर देखना चाहिए। फेफड़ों में फंगस संक्रमण का खतरा उन लोगों को ज्यादा होता है, जिनके घर निर्माण कार्य चल रहा हो, नमी हो। मधुमेह व कैंसर रोगियों में इसके घातक प्रभाव होते हैं।
हर सप्ताह करीब दो मरीज ऐसे आते हैं, जो फंगस संक्रमण से पीड़ित होते हैं लेकिन टीबी की दवा खा रहे होते हैं।
इससे न केवल सही उपचार में देरी होती है बल्कि 10 प्रतिशत रोगियों के लिवर पर भी गंभीर दुष्प्रभाव देखने को मिलता है। ऐसे में जरूरी है कि डाक्टर जरूरी जांच में टीबी की पुष्टि होने पर ही दवा शुरू करें।
सिस्टिक आईएलडी की पहचान चुनौती
पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा कि फेफड़ों में सिस्ट (हवा से भरी थैलीनुमा संरचनाएं) बनने वाली आईएलडी की पहचान को जटिल बनाती हैं। ऐसी स्थिति में सीटी स्कैन में दिखने वाले बदलाव हमेशा किसी एक बीमारी की ओर संकेत नहीं करते।
एलएएम, बर्ट-हाग-ड्यूब सिंड्रोम और लिंफोसाइटिक इंटरस्टिशियल निमोनिया जैसी बीमारियों में सिस्ट बन सकते हैं। सही निदान के लिए एचआरसीटी, मरीज की मेडिकल हिस्ट्री और पैथोलाजी रिपोर्ट का संयुक्त मूल्यांकन जरूरी है।
यह भी पढ़ें- मौसम बदलते ही 125 यूनिट मुफ्त बिजली ने दी राहत, पटना के 1.65 लाख घरों का बिजली बिल आया शून्य
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।