मौसम बदलते ही 125 यूनिट मुफ्त बिजली ने दी राहत, पटना के 1.65 लाख घरों का बिजली बिल आया शून्य
Patna Electricity Bill Relief: पटना में मौसम बदलने और 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के कारण अक्टूबर में हर चार में से एक घरेलू उपभोक्ता का बिल शून्य आया।

पटना में 125 यूनिट मुफ्त बिजली ने दी राहत। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पटना में अक्टूबर में 25% घरेलू उपभोक्ताओं का बिल शून्य।
1.65 लाख घरों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिला।
कंकड़बाग-दो में सर्वाधिक उपभोक्ताओं को मिली बिल से राहत।
मनीष कुमार, पटना। मौसम के बदले मिजाज और 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली योजना का असर है कि पटना में हर चार में से एक घरेलू बिजली उपभोक्ता को अक्टूबर में बिल नहीं चुकाना पड़ा।
पेसू क्षेत्र के 1,65,879 घरेलू उपभोक्ताओं की मासिक खपत 125 यूनिट से कम रही, जिससे उनका बिजली बिल शून्य आया।
मई के मुकाबले अक्टूबर में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या 27,258 अधिक रही। पेसू के 13 विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में कुल 6.46 लाख घरेलू उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें से 25.67 प्रतिशत उपभोक्ताओं को अक्टूबर में बिजली बिल से पूरी राहत मिली।
गर्मी के दौरान एसी-कूलर के अधिक इस्तेमाल से मुफ्त बिजली का लाभ लेने वाले घरों की संख्या में गिरावट आई थी, लेकिन मौसम बदलने के साथ यह आंकड़ा फिर बढ़ने लगा है।
1 अगस्त को लागू हुई थी योजना
राज्य सरकार की 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना 1 अगस्त 2025 से लागू हुई थी। इसके तहत जुलाई के बिजली बिल से ही घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने लगी थी।
पेसू के 13 विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में 6,46,000 घरेलू उपभोक्ता पंजीकृत हैं। अक्टूबर के आंकड़ों की तुलना मई से करें तो शून्य बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं की संख्या में 27,258 की वृद्धि हुई है। मई में 1,38,621 उपभोक्ताओं यानी 21.45 प्रतिशत का बिजली बिल शून्य रहा था।
गर्मी के दौरान एसी और कूलर के अधिक इस्तेमाल से खपत बढ़ी तो मुफ्त बिजली के दायरे में आने वाले घरों की संख्या घट गई थी। अब मौसम बदलने के साथ फिर से यह संख्या बढ़ने लगी है।
हालांकि, ठंड के मौसम में पिछले साल दिसंबर के आंकड़े अभी भी अक्टूबर से काफी आगे हैं। दिसंबर में 2,46,719 उपभोक्ताओं यानी 39.33 प्रतिशत का बिजली बिल शून्य आया था।
अक्टूबर की तुलना में यह संख्या 80,840 अधिक थी। इससे साफ है कि तापमान गिरने के साथ बिजली की खपत और घटने की संभावना रहती है। पिछले साल दिसंबर में ठंड के कारण ही अधिक उपभोक्ता 125 यूनिट की सीमा के भीतर रहे थे।
कंकड़बाग-दो में सबसे अधिक घरों को मिली राहत
प्रमंडलवार आंकड़ों में कंकड़बाग-दो सबसे आगे रहा। यहां अक्टूबर में 22,033 उपभोक्ताओं ने 125 यूनिट से कम बिजली खर्च की और उनका बिल शून्य आया।
इस प्रमंडल में दिसंबर में 37,022 और मई में 20,708 उपभोक्ताओं को यह लाभ मिला था। तीनों महीनों में कंकड़बाग-दो प्रमंडल पहले स्थान पर रहा। दूसरी ओर, अक्टूबर में डाकबंगला प्रमंडल में सबसे कम 5,768 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य रहा।
दिसंबर में भी यहां 5,167 उपभोक्ता इस श्रेणी में सबसे कम थे। वहीं, मई में सबसे कम 4,244 उपभोक्ता बांकीपुर प्रमंडल में दर्ज किए गए थे। आंकड़े बताते हैं कि मौसम और बिजली की घरेलू खपत का सीधा असर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं की संख्या पर पड़ रहा है।
शून्य बिजली बिल उपभोक्ता
| माह | शून्य बिजली बिल उपभोक्ता | प्रतिशत |
|---|---|---|
| दिसंबर | 2,46,719 | 39.33 |
| मई | 1,38,621 | 21.45 |
| अक्टूबर | 1,65,879 | 25.67 |
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल - शून्य बिजली बिल उपभोक्ता
| विद्युत आपूर्ति प्रमंडल | दिसंबर | मई | अक्टूबर |
|---|---|---|---|
| बांकीपुर | 9,387 | 4,244 | 6,534 |
| गुलजारबाग | 30,565 | 13,722 | 15,311 |
| कंकड़बाग | 23,992 | 9,374 | 10,734 |
| कंकड़बाग-2 | 37,022 | 20,708 | 22,033 |
| पटना सिटी | 32,614 | 16,313 | 20,933 |
| राजेंद्र नगर | 10,798 | 5,092 | 7,133 |
| आशियाना | 10,562 | 10,387 | 11,123 |
| डाकबंगला | 5,167 | 4,642 | 5,768 |
| दानापुर | 25,908 | 14,457 | 17,768 |
| गर्दनीबाग | 13,974 | 10,903 | 13,278 |
| खगौल | 24,751 | 15,711 | 19,187 |
| नूतन राजधानी | 10,247 | 5,963 | 7,534 |
| पाटलिपुत्र | 11,732 | 7,105 | 8,543 |
यह भी पढ़ें- बिजली चोरों की खैर नहीं! मुंगेर के 90% ट्रांसफार्मरों पर लगे DT मीटर, खपत का हिसाब मिलते ही नपेंगे चोर
पहले बिजली बिल 1,500 से 1,700 रुपये तक आता था। अब हर महीने 500 से 7,000 रुपये ही भुगतान करना पड़ रहा है। योजना से बिजली खर्च में कमी आई है और परिवार को आर्थिक राहत मिली है।
लाल बाबू प्रसाद, हनुमान नगर
पहले हर महीने 4,500 से 5,000 रुपये तक बिजली बिल चुकाना पड़ता था। अब यह घटकर 3,500 से 4,000 रुपये के बीच आ रहा है। मुफ्त बिजली योजना से बिल का बोझ कुछ कम हुआ है।
जितेंद्र कुमार, कंकड़बाग
125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना लागू होने से पहले हर महीने 1,800 से 2,000 रुपये तक बिजली बिल आता था। अब घटकर 700 से 1,000 रुपये के बीच रह गया है। इससे हर महीने अच्छी बचत हो रही है और घरेलू खर्च में राहत मिली है।
अशोक कुमार, घुड़दौड़ रोड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।