बिजली चोरों की खैर नहीं! मुंगेर के 90% ट्रांसफार्मरों पर लगे DT मीटर, खपत का हिसाब मिलते ही नपेंगे चोर
मुंगेर विद्युत विभाग बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान रोकने के लिए 90% ट्रांसफार्मरों पर डीटी मीटर लगा चुका है।

ट्रांसफार्मर में लगा डीटी मीटर। (जागरण)
संवाद सूत्र, मुंगेर। बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग अब ट्रांसफार्मर स्तर पर निगरानी मजबूत कर रहा है।
जिले के 3,795 वितरण ट्रांसफार्मरों में करीब 90 प्रतिशत पर डीटी (डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर) मीटर लगाए जा चुके हैं। शेष ट्रांसफार्मरों पर भी जल्द मीटर लगाने का काम पूरा किया जाएगा।
इसके बाद प्रत्येक ट्रांसफार्मर से आपूर्ति होने वाली बिजली और उससे जुड़े उपभोक्ताओं की कुल खपत का मिलान होगा। आंकड़ों में अंतर मिलने पर संबंधित इलाके को चिह्नित कर जांच कराई जाएगी।
विभाग का उद्देश्य बिजली चोरी के साथ तकनीकी नुकसान के कारणों की पहचान कर उसे कम करना है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में बिजली नुकसान करीब 22 प्रतिशत दर्ज किया गया था।
चालू वित्तीय वर्ष में इसे घटाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित है। ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की भी पहचान की जा रही है। क्षमता से अधिक लोड मिलने पर संबंधित ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
आपूर्ति और खपत का खुलेगा हिसाब
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार ने बताया कि डीटी मीटर लगने के बाद ट्रांसफार्मरवार बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की खपत का सटीक आकलन हो सकेगा।
इससे यह पता चलेगा कि किसी ट्रांसफार्मर से कितनी बिजली आपूर्ति हुई और उपभोक्ताओं ने कुल कितनी खपत की। दोनों के बीच अंतर अधिक मिलने पर संबंधित क्षेत्र में जांच की जाएगी। इससे बिजली चोरी और तकनीकी नुकसान वाले इलाकों की पहचान आसान होगी।
हर माह 70 प्राथमिकी, 25 लाख की वसूली
बिजली चोरी के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई भी जारी है। हर महीने औसतन 70 प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं। इन मामलों में करीब 25 लाख रुपये की वसूली हो रही है।
डीटी मीटर से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर अब उन क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाने की तैयारी है, जहां आपूर्ति और खपत के बीच अंतर अधिक मिलेगा। चोरी की पुष्टि होने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
113 करोड़ के लक्ष्य में 85 करोड़ की वसूली
राजस्व वसूली में भी विभाग लक्ष्य हासिल करने की कोशिश में जुटा है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक जिले को करीब 113 करोड़ रुपये वसूली का लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध लगभग 85 करोड़ रुपये की वसूली हुई है।
यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 76 प्रतिशत है। हालांकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी को जोड़ने पर वसूली का अनुपात करीब 85 प्रतिशत तक पहुंच जाता है। विभाग प्रत्येक महीने राजस्व वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर रहा है।
2.43 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता
जिले में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की संख्या 2,21,193 है। वहीं, 20,024 व्यावसायिक और 1,942 औद्योगिक उपभोक्ता हैं। तीनों श्रेणियों को मिलाकर कुल 2,43,159 उपभोक्ता बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
इतने बड़े उपभोक्ता आधार के बीच बिजली नुकसान कम करना और राजस्व वसूली बढ़ाना विभाग के लिए बड़ी चुनौती है। डीटी मीटर के जरिए ट्रांसफार्मर स्तर पर निगरानी बढ़ने से बिजली चोरी पर नियंत्रण और नुकसान में कमी लाने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।