विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दियों में विदेशी मेहमानों के कलरव से गूंज रहा समान पक्षी विहार, बर्ड वॉचर्स ने डाला डेरा

By Saurabh Kumar Shukla Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 21 Nov 2026 11:31 PM (IST)

मैनपुरी के समान पक्षी विहार में सर्द हवाओं के साथ हजारों किलोमीटर की यात्रा कर विदेशी प्रवासी पक्षियों का आगमन शुरू हो गया है। वन विभाग ने इन मेहमानों की सुरक्षा और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है, क्योंकि दिसंबर तक इनकी संख्या में तेजी आने की उम्मीद है।

समान पक्षी विहार में आए विदेशी पक्षी।

समान पक्षी विहार में आए विदेशी पक्षी।

सौरभ शुक्ला, मैनपुरी। सर्द हवाओं के साथ ही समान पक्षी विहार में प्रकृति का खूबसूरत नजारा दिखाई देने लगा है। आसमान में उड़ते रंग-बिरंगे परिंदों की अठखेलियां और झील के आसपास गूंजता कलरव सैलानियों को आकर्षित कर रहा है। हजारों किलोमीटर की लंबी यात्रा पूरी कर विदेशी मेहमानों ने यहां दस्तक देना शुरू कर दिया है।

उनकी आमद से वन्यजीव प्रेमियों में भी उत्साह है। वन विभाग ने इन मेहमानों की सुरक्षा और अनुकूल वातावरण बनाए रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। विकासखंड किशनी के समान गांव में 526 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला यह पक्षी विहार प्रवासी जीवों के लिए महत्वपूर्ण ठिकाना है।

यहां मौजूद विशाल झील भोजन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराती है। साइबेरिया, मध्य चीन, आस्ट्रेलिया और मंगोलिया के साथ हिमालय के तराई क्षेत्रों से भी विभिन्न प्रजातियों के परिंदे पहुंचते हैं। प्रतिकूल मौसम से बचने के लिए ये पक्षी प्रतिवर्ष चार से पांच हजार किलोमीटर तक का सफर तय करते हैं। यहां आने के बाद फरवरी तक प्रवास करते हैं।

इस दौरान झील का प्राकृतिक सौंदर्य और भी आकर्षक हो जाता है। जलाशय में डक, पेंटेल, लिटिल कार्मोरेंट और ग्रे हेरान सहित कई प्रजातियों की मौजूदगी देखने को मिल रही है। फिलहाल इनकी तादाद कम है, लेकिन अगले महीने के प्रथम सप्ताह से संख्या में तेजी आने की संभावना है। वन विभाग ने निगरानी बढ़ाने के साथ सुरक्षा संबंधी इंतजाम किए हैं, ताकि शिकार और अन्य गतिविधियों से प्रवासी पक्षियों को बचाया जा सके।

समान पक्षी विहार के वन क्षेत्राधिकारी कोटेश कुमार त्यागी ने बताया कि विदेशी मेहमानों का आगमन शुरू हो गया है। उनकी सुरक्षा के लिए विभागीय स्तर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। दिन-रात में गश्त बढ़ा दी गई है। दिसंबर के पहले सप्ताह में इनकी संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

विभाग ने बढ़ाई गश्त

समान पक्षी विहार में हर साल प्रवासी पक्षियों के अवैध शिकार की घटनाएं सामने आती हैं। शिकारी खासतौर पर गर्म तासीर वाले पक्षियों को निशाना बनाकर उनका मांस बेचते हैं। इनमें सोना पतारी का शिकार सबसे अधिक होता है। इसे देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील स्थानों पर गश्त तेज कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।