सांडी पक्षी विहार में पर्यटन को बढ़ावा देगा ओडीओडी
हरदोई : सर्दियों में पक्षियों के कलरव से गुलजार रहने वाले सांडी पक्षी विहार को अब शासन ने ओडीओडी (वन डिस्ट्रिक्ट-वन डेस्टिनेशन) में चयनित किया है। प्रदेश के 56 जनपदों में ओडीओडी में पर्यटन को बढ़ावा देने वाले स्थलों को चयनित किया गया है, इसमें सांडी का पक्षी विहार भी शामिल है, और इसके विकास की उम्मीदें जगी हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिए और पर्यटक स्थल पर जरूरी मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराए जाने में ओडीओडी का खासा रोल रहेगा। वैसे सांडी पक्षी विहार के निकट ही मोटल बना हुआ है, लेकिन संचालन की व्यवस्था न होने से वह बंद रहता है। ओडीओडी में चयन के बाद लोगों को उम्मीद जगी है। पर्यटन की डायरेक्ट्री में सांडी पक्षी विहार के शामिल होने के बाद यहां पर विदेशी पर्यटकों के आने की भी संभावना है। सांडी कस्बा करीब दो किलोमीटर पहले 3.0854 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैली दहर झील सर्दियों में प्रवासी पक्षियों की मेहमान नवाजी के लिए प्रसिद्ध है। वर्ष 1991 में दहर झील को पक्षी विहार और वर्ष 2020 में रामसर कंवेंशन में शामिल किया गया है। पक्षी विहार के क्षेत्रीय वनाधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि सर्दियों में तो यहां पर साइबेरियन और यूरोपियन पक्षियों की विभिन्न प्रजातियां आती हैं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ रहती है। बताया कि हाल ही में हुई बारिश से झील में करीब 70 प्रतिशत पानी एकत्र हो गया है। झील में पानी आने से स्थानीय प्रजाति के पक्षियों के साथ ही बड़ी संख्या में राज्य पक्षी सारस कुनबा के साथ इन दिनों विचरण करते दिख जाते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।