हरदोई में 322 सड़कों के नवीनीकरण को 158 करोड़ का प्रस्ताव, मंजूरी का इंतजार
हरदोई में लोक निर्माण विभाग ने 322 बदहाल सड़कों के नवीनीकरण के लिए 158.61 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को ...और पढ़ें

बारिश से क्षतिग्रस्त 362 मार्गों के 847.59 किलोमीटर हिस्से में पैचवर्क जारी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हरदोई में 322 सड़कों के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा।
इन सड़कों पर 158.61 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान।
प्रस्ताव को अभी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, हरदोई। बारिश से बदहाल सड़कों की सूरत बदलने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 322 मार्गों के नवीनीकरण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी है। करीब 600 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 158.61 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। हालांकि, प्रस्ताव को अभी प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति नहीं मिली है।
ऐसे में इन सड़कों की बदहाली दूर होने के लिए शासन की मंजूरी का इंतजार है। दूसरी ओर, बारिश से क्षतिग्रस्त 362 मार्गों के 847.59 किलोमीटर हिस्से में गड्ढे भरने और उखड़ी सतह सुधारने के लिए पैचवर्क कराया जा रहा है। विभाग का दावा है कि मरम्मत कार्य में तेजी लाई गई है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
इस बार मूसलाधार बारिश ने जिले की सड़कों को काफी नुकसान पहुंचाया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई मार्गों पर गड्ढे हो गए हैं। कहीं डामर की परत उखड़ गई है तो कहीं सड़क की गिट्टियां बिखर गई हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर ग्रामीण संपर्क मार्गों की बदहाली से लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
लोक निर्माण विभाग ने ऐसी सड़कों को चिह्नित कर मरम्मत और नवीनीकरण की अलग-अलग कार्ययोजना बनाई है। विभाग ने ऐसे 322 मुख्य मार्ग चिह्नित किए हैं, जिनकी स्थिति केवल गड्ढे भरने से नहीं सुधरेगी। इनकी कुल लंबाई 599.848 किलोमीटर है। इनके नवीनीकरण के लिए 158.61 करोड़ रुपये का आगणन तैयार किया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। जिन सड़कों की स्थिति मरम्मत से सुधर सकती है, वहां पैचवर्क कराया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- UP Weather Today: लखनऊ समेत कई जिलों में गिरा न्यूनतम तापमान, सुबह-शाम बढ़ी सिहरन
इसके लिए 362 मार्गों के 847.59 किलोमीटर हिस्से को चिह्नित किया गया है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता मुरलीधर गंगवार ने बताया कि नवीनीकरण की कार्ययोजना और आगणन आनलाइन व आफलाइन शासन को भेजे गए हैं। प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कराया जाएगा।
पैचवर्क के अलावा 322 मार्गों के नवीनीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद इन मार्गों पर डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के साथ नवीनीकरण योग्य मार्गों को भी बेहतर बनाया जाए।
- मुरलीधर गंगवार, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खण्ड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।