हरदोई में दर्दनाक ट्रेन हादसा, दो ट्रेनों के बीच फंसीं महिलाएं; एक की मौत-दूसरी गंभीर घायल
हरदोई में रेलवे ट्रैक पार करते समय दो महिलाएं दो ट्रेनों के बीच फंस गईं। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

हरदोई स्टेशन से गुजरी ट्रेन। प्रतीकात्मक
HighLights
हरदोई में रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा।
दो ट्रेनों के बीच फंसकर एक महिला की मौत।
दूसरी महिला गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर।
जागरण संवाददाता, हरदोई। धान की फसल काटने खेत जा रही दो महिलाएं बुधवार सुबह रेलवे लाइन पार करते समय विपरीत दिशाओं से आ रही दो ट्रेनों के बीच फंस गईं। दिल्ली से लखनऊ जा रही ट्रेन से बचने के प्रयास में दोनों लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को मेडिकल कालेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे। कोतवाली देहात पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर निवासी शांति पत्नी कृपाल यादव और पड़ोस में रहने वाली कमला पत्नी अमर सिंह यादव बुधवार सुबह गांव के दक्षिण दिशा में रेलवे लाइन के पार स्थित खेत में धान की फसल काटने जा रही थीं। दोनों महिलाएं रेलवे लाइन पार कर रही थीं। इसी दौरान दिल्ली से लखनऊ की ओर जा रही ट्रेन आ गई। उससे बचने के प्रयास में दोनों दूसरी लाइन पर पहुंच गईं, तभी लखनऊ से दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गईं।
हादसे में शांति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कमला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही परिवारजन मौके पर पहुंचे और घायल कमला को मेडिकल कालेज ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। शांति की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। उनके एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। कोतवाली देहात पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।