UP News: डेढ़ बीघा में खड़ी धान की फसल बाढ़ की वजह से बर्बाद, परेशान किसान ने कर ली आत्महत्या
हरदोई में एक किसान ने धान की फसल बाढ़ में बर्बाद होने और पत्नी की बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। किसान का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। म ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हरदोई। पत्नी की बीमारी से पहले ही परेशान था। बाढ़ से धान की फसल बर्बाद होने से पूरी तरह टूट गया। मंगलवार की सुबह गांव के बाहर पेड़ में रस्सी से फंदा लगाकर किसान ने जान दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने को नमूने लिए हैं।
मल्लावां के ग्राम बेरिया नजीरपुर के मजरा धनसिंह पुरवा के कश्मीर यादव खेती करते थे। कश्मीर यादव की पत्नी सुमन बीमार रहती है। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे पति घर से खेत जाने की बात कहकर निकले थे।
करीब पांच घंटे बाद गांव के निकट स्थित बेरी के पेड़ में प्लास्टिक की रस्सी से शव लटकता मिला। खेतों तरफ गए ग्रामीणों ने शव लटका देखा। मृतक के भाई जय सिंह का कहना है कि भाई के पास डेढ़ बीघा जमीन है। उसी जमीन पर धान की फसल खड़ी थी।
हाल ही में आई बाढ़ में धान की फसल खराब हो गई। पत्नी की बीमारी और फसल खराब होने की वजह से वह बीते 15 दिनों से भाई अवसाद में रहता था। जिसके चलते आत्महत्या कर ली है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। एसडीएम एन राम ने बताया कि गांव के अन्य किसानों की फसल खराब हुई है। वहां टीम भेजकर जांच करा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।