अनियंत्रित गाड़ी की टक्कर से ई-रिक्शा सवार छह मजदूर घायल, पटना फ्लाईओवर के पास हुई दुर्घटना
हापुड़ में एनएच-334 पर पटना फ्लाईओवर के पास धान की रोपाई कर लौट रहे कामगारों की ई-रिक्शा को एक अनियंत्रित वाहन ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पांच महिलाओं सहित छह कामगार घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फोटो जागरण
केशव त्यागी , हापुड़। धान की रोपाई कर घर लौट रहे कामगारों की ई-रिक्शा में थाना देहात क्षेत्र के एनएच-334 स्थित पटना फ्लाईओवर के पास अनियंत्रित वाहन के चालक ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना में पांच महिलाओं समेत छह कामगार घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल कामगारों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी का उपचार चल रहा है।
थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि क्षेत्र के गांव लोधीपुर का ऋषिपाल, संगीता, रेखा, रामवती, रेशम व ममता धान की रोपाई करने के लिए ई-रिक्शा में सवार होकर बृहस्तिवार सुबह गांव धनौरा के जंगल स्थित किसान के खेत पर गए थे।
धान की रोपाई करने के बाद शाम के करीब चार बजे सभी ई-रिक्शा से अपने घर जा रहे थे। एनएच-334 स्थित गांव पटना फ्लाईओवर के पास पहुंचने पर अनियंत्रित अज्ञात वाहन के चालक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गई।
वहीं, उसमें सवार कामगार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उधर, दुर्घटना को अंजाम देकर वाहन चालक मौके से फरार हो गए। दुर्घटना होती देख कुछ राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कामगारों को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही कामगारों के स्वजन को सूचना दी।
सूचना के बाद स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। मामले में फिलहाल घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।