गढ़मुक्तेश्वर मेले में ट्रैक्टर से खतरनाक स्टंटबाजी, गिरकर घायल हुए युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
गढ़मुक्तेश्वर के कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में ट्रैक्टर स्टंट के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल नीरज चौहान को मेरठ रेफर किया गया था।

हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर गंगा मेले की तस्वीर। जागरण
ध्रुव शर्मा, गढ़मुक्तेश्वर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले में ट्रैक्टर से स्टंट बाजी के दौरान रविवार की देर रात एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है।
मेरठ के थाना भावनपुर के दतावली गांव के रहने वाले अवधेश चौहान का पुत्र नीरज चौहान उम्र करीब 30 वर्ष अपने अन्य साथियों के साथ गंगा नहाने आया हुआ था। रविवार की देर रात मेले में ट्रैक्टर से स्टंट बाजी के दौरान अचानक वह नीचे गिर गया, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल नीरज चौहान को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेते हुए तीन युवकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है । वहीं मौत की सूचना के बाद स्वजन में हाहाकार मच गया है।