हापुड़ में पांटून पुल ने भरे 84 साल पुराने जख्म, अब श्रद्धालु एक साथ कर रहे गढ़ गंगा और तिगरी धाम के दर्शन
हापुड़ के ब्रजघाट पर गंगा नदी पर बना पांटून पुल 84 साल पुराने सांप्रदायिक विवाद के जख्मों को भरते हुए गढ़ गंगा और तिगरी मेलों को जोड़ रहा है।
-1795342672135_m.webp)
पेटूंन पुल से होकर उल्लास और उत्साह में दोनों मिलों का आनंद लेने जाते श्रद्धालु। जागरण
HighLights
गंगा पर पांटून पुल ने 84 साल की दूरी मिटाई।
गढ़ गंगा और तिगरी मेलों को फिर से जोड़ा।
1942 के सांप्रदायिक विवाद के जख्मों पर मरहम।
राममोहन शर्मा, ब्रजघाट (हापुड़)। गंगा की अविरल धारा, दोनों किनारों पर आस्था का अथाह सागर और कार्तिक पूर्णिमा पर मां गंगा के जयकारों से गूंजने वाले दो ऐतिहासिक धाम।
इस बार नजारा कुछ अलग होगा। गंगा की लहरों पर 84 साल पुरानी दूरियों को मिटाने के लिए आस्था का सेतु सज गया है।
बताया जा रहा है कि 1942 में गढ़ मेले के मनोरंजन क्षेत्र में हुए सांप्रदायिक विवाद के बाद 90 नावों का पुल हटवा दिया गया था। तब से दोनों मेलों के बीच की दूरी बढ़ गई थी।

लगाना पड़ता था लंबा चक्कर
श्रद्धालुओं को एक घाट से दूसरे घाट तक जाने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। उसी गंगा पर अब पांटून पुल ने फिर मिलन की राह खोल दी है।
एक ओर गढ़ गंगा में गंगा मैया के जयकारे गूंज रहे हैं तो दूसरी ओर तिगरी मेले में श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। इस बार दोनों मेलों की रौनक एक-दूसरे से जुड़ गई है।
श्रद्धालु गंगा स्नान के साथ दोनों धामों की धार्मिक छटा और मेले के उल्लास का आनंद ले रहे हैं गढ़ मेले को तिगरी मेले से जोड़ने के लिए बना गंगा पर यह पुल केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि इतिहास के जख्मों पर आस्था का मरहम और सद्भाव की नई उम्मीद बनकर सामने आया है।
40 पीपों पर सजा 200 मीटर लंबा पुल
प्रशासन द्वारा मात्र तीन दिन में 40 पीपों पर 200 मीटर लंबा अस्थाई पुल तैयार किया है। पुल बनते ही दोनों धामों के बीच आवागमन शुरू हो गया है।
2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पुल के निर्माण की घोषणा की थी। सात साल बाद अब यह घोषणा धरातल पर उतरी है। इस पुल से सैकड़ों गांवों के लोगों के रिश्ते भी फिर से जुड़ेंगे।
गंगा मेले में उमड़ रहा आस्था का सैलाब
15 नवंबर से शुरू हुए उत्तर भारत के प्रसिद्ध गढ़ गंगा मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। मेला क्षेत्र में सुरक्षा के लिए 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
मेले में अब तक दस लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके है। इस बार 30 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- हर-हर गंगे से गूंजेगा ब्रजघाट, कार्तिक पूर्णिमा पर सैकड़ों दीपों से होगी पांच दिवसीय भव्य महाआरती