डिवाइडर फांद पहुंचे SP हापुड़ ने पेश की मिसाल, खुद बांधी घायल छात्रा के पैर पर पट्टी; देखते रहे राहगीर
हापुड़ में दिल्ली रोड पर स्कूटी फिसलने से घायल हुईं दो छात्राओं को एसपी मधुवन कुमार सिंह ने तुरंत मदद पहुंचाई। उन्होंने खुद पट्टी बांधी और अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी से अस्पताल भिजवाकर मानवीयता की मिसाल पेश की।

एसपी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पहले दोनों छात्राओं को उठाकर सड़क किनारे सुरक्षित बैठाया और उन्हें पानी पिलवाया।
HighLights
एसपी मधुवन कुमार सिंह ने घायल छात्राओं को तुरंत मदद पहुंचाई।
खुद पट्टी बांधकर अस्पताल भेजा, राहगीर मदद को नहीं आए।
एसपी की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हुई।
जागरण संवाददाता, हापुड़। दिल्ली रोड पर स्कूल जा रही दो छात्राएं स्कूटी फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद दोनों छात्राएं सड़क पर पड़ी दर्द से कराह रही थीं, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीर मदद के लिए आगे नहीं आ रहे थे।
इसी दौरान अपने कार्यालय जा रहे एसपी मधुवन कुमार सिंह की नजर घायल छात्राओं पर पड़ी। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और सड़क के बीच बने डिवाइडर को फांदकर दूसरी लेन में पहुंचे। एसपी ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पहले दोनों छात्राओं को उठाकर सड़क किनारे सुरक्षित बैठाया और उन्हें पानी पिलवाया।

हादसे में एक छात्रा का पैर टूट गया था, जिस पर एसपी ने बिना देर किए अपने रुमाल से खुद प्राथमिक पट्टी बांधी। इसके बाद उन्होंने तत्काल दोनों घायल छात्राओं को अपनी एस्कॉर्ट गाड़ी से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दी। एसपी की इस त्वरित मदद और संवेदनशीलता की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।