100 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले, फिर भी सुराग नहीं; हापुड़ में परीक्षा देने निकले भाई-बहन लापता
हापुड़ से परीक्षा देने निकले भाई-बहन केशव और करुणा चौधरी के लापता होने का मामला उलझता जा रहा है। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले हैं और दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा व यूपी में उनकी तलाश जारी है।

लापता भाई-बहन की तलाश करती हापुड़ पुलिस। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
हापुड़ से परीक्षा देने निकले भाई-बहन लापता हो गए।
लापता होने से पहले सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट किए थे।
पुलिस चार राज्यों में 100 से अधिक कैमरे खंगाल रही है।
केशव त्यागी, हापुड़। परीक्षा देने के लिए घर से निकले भाई-बहन के लापता होने का मामला लगातार उलझता जा रहा है। दोनों ने घर छोड़ने की योजना पहले ही बना ली थी या अचानक कहीं चले गए, पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है।
वहीं, जांच में सामने आया है कि लापता होने से करीब 5 दिन पहले ही दोनों ने अपने इंस्टाग्राम, फेसबुक और वॉट्सएप अकाउंट डिलीट कर दिए थे। इतना ही नहीं, पांच दिनों से उन्होंने अपने मोबाइल नंबरों से किसी को फोन भी नहीं किया और मोबाइल बंद कर दिए।
अब राजस्थान में दोनों के होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तलाश तेज कर दी है।
दोनों का कोई पता नहीं चला
थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव जैतपुर के यतीन कुमार के बेटे केशव और बेटी करुणा चौधरी 17 नवंबर को परीक्षा देने के लिए घर से निकले थे। केशव 12वीं और करुणा बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है। दोनों ने परिजनों को गाजियाबाद के चौधरी मोड़ स्थित एमएमएच कालेज में परीक्षा देने जाने की बात बताई थी, लेकिन इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला।
जांच में सामने आया कि दोनों बाबूगढ़ छावनी तक बाइक से पहुंचे थे। वहां बाइक खड़ी करने के बाद थ्रीव्हीलर में बैठकर आगे रवाना हो गए।
100 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली
पुलिस दोनों के रास्ते का पता लगाने के लिए अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी है। छिजारसी टोल प्लाजा तक दोनों के जाने का रास्ता स्पष्ट होने के बाद आगे के संभावित मार्गों पर भी जांच की जा रही है। पुलिस को राजस्थान में दोनों के होने की जानकारी मिली है। इसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर तलाश की जा रही है।
दो बार पुलिस ने युवक को किया था बरामद
जांच में यह भी सामने आया है कि केशव घर से करीब दस हजार रुपये लेकर निकला था। वह पहले भी बिना बताए दो बार घर से जा चुका है। पहली बार जयपुर और दूसरी बार दिल्ली गया था। पुलिस ने दोनों बार उसे बरामद कर लिया था।
पहली बार सात दिन और दूसरी बार तीन दिन में उसकी तलाश पूरी हुई थी। वहीं, जानकारी मिली है कि करुणा मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत करती थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।
सोशल मीडिया के जरिए भी तलाश
5 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने से परिवार की चिंता बढ़ती जा रही है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि भाई-बहन की तलाश में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द से जल्द दोनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।